यह ब्लॉग खोजें

मंगलवार, 17 दिसंबर 2019

समीक्षा : लघुकथा कलश का चौथा अंक | महेंद्र कुमार

कई लोगों ने अपनी रचना प्रक्रिया में अपनी लघुकथा को प्राप्त हुए पुरस्कारों का भी वर्णन किया है जो पूर्णतः अनुचित है। इसी प्रकार कुछ लोग अपनी रचना प्रक्रिया में इस पर भी गर्व करते हुए पाए गए कि उन्होंने अपनी लघुकथा पर किसी से भी विचार-विमर्श नहीं किया है। मुझे नहीं लगता कि इसमें गर्व करने जैसी कोई भी चीज़ है।
महेंद्र कुमार (इस समीक्षा से)

लघुकथा को पूर्णतः समर्पित अर्द्धवार्षिक पत्रिका लघुकथा कलश का चौथा अंक (जुलाई-दिसम्बर 2019) इस मआनी में अनूठा है कि इसमें लघुकथाओं के साथ-साथ उनके बनने की कहानियाँ भी दी गयी हैं जिनसे अक्सर पाठक अनजान ही रह जाता है। रचना प्रक्रिया पर आधारित यह अंक जैसे ही मेरे हाथ में आया मैं इसे पढ़ गया, तीन दिनों के अन्दर। फिर पाठकीय प्रतिक्रिया देने में इतनी देर क्यों? अल्जीरियाई दार्शनिक अलबैर् कामू ने कभी कहा था, "हर कलाकार के हृदय की गहराइयों में कहीं एक दरिया बहता है और जब तक वह जीता है अपने इसी दरिया के पानी से प्यास बुझाता है। जब भी उसका यह दरिया सूखता है, तब हम उसके लेखन की धरती में उभरती हुई दरारों को समझ पाते हैं।" मैं एक लेखक तो नहीं पर एक पाठक ज़रूर हूँ और दरिया सिर्फ़ लेखकों का ही नहीं बल्कि पाठकों के हृदय का भी सूखता है। कई बार इसी वजह से वो पाठकीय प्रतिक्रिया तक नहीं दे पाता। वैसे ये दरिया सूखता ही क्यों है? और इससे जो दरारें उभर कर आती हैं वो कितनी गहरी होती हैं? शायद ऐसे ही सवालों को समझने के लिए जीवनियाँ लिखी जाती हैं। कई बार इस दरिया में पानी वापस आ जाता है तो कई बार नहीं भी आ पाता। कितना आता है, सवाल यह भी है। ख़ैर, पूर्व अंकों की भांति इस रचना प्रक्रिया विशेषांक में भी प्रचुर सामग्री मौजूद है जो आपके हृदय में बहने वाले दरिया में पानी की मात्रा को बढ़ाएगी ही। उदाहरण के लिए, पत्रिका में शामिल सामग्री की एक संक्षिप्त सूची इस प्रकार है :

(1) 04 विशिष्ट लघुकथाकार (जसबीर चावला, प्रताप सिंह सोढ़ी, रूप देवगुण व हरभजन खेमकरणी) और उनकी रचना प्रक्रिया।
(2) 06 पुस्तकों (मेरी प्रिय लघुकथाएँ - प्रताप सिंह सोढ़ी, माटी कहे कुम्हार से - डॉ. चंद्रा सायता, गुलाबी छाया नीले रंग - आशीष दलाल, किन्नर समाज की लघुकथाएँ - डॉ. रामकुमार घोटड़, डॉ. लता अग्रवाल, कितना कारावास - मुरलीधर वैष्णव, सब ख़ैरियत है - मार्टिन जॉन) की समीक्षाएँ क्रमशः प्रो. बी.एल. आच्छा, अंतरा करवड़े, रजनीश दीक्षित, कल्पना भट्ट, प्रो. बी.एल. आच्छा और रवि प्रभाकर द्वारा।
(3) लघुकथा कलश के तृतीय अंक की समीक्षाएँ – मृणाल आशुतोष, कल्पना भट्ट, दिव्य राकेश शर्मा, लाजपत राय गर्ग, डॉ. नीरज सुधांशु और डॉ. ध्रुव कुमार द्वारा।
(4) 126 लेखकों की लघुकथाएँ और उनकी रचना प्रक्रिया।
(5) 08 नेपाली लेखकों – खेमराज पोखरेल, टीकाराम रेगमी, नारायण प्रसाद निरौला, राजन सिलवाल, राजू क्षेत्री 'अपूरो', रामकुमार पण्डित क्षत्री, रामहरि पौड्याल तथा लक्ष्मण अर्याल – की रचना प्रक्रिया सहित कुल नौ लघुकथाएँ।


इस पत्रिका का जो स्तम्भ मैं सबसे पहले पढ़ता हूँ वो इसका सम्पादकीय है और इसकी वजह हैं इसके सम्पादक योगराज प्रभाकर। इन्होंने न केवल मुझे लघुकथा का ककहरा सिखाया है बल्कि प्रोत्साहित भी किया है। पर सम्पादकीय पढ़ने की वजह यह नहीं है बल्कि यह है कि ये बेहद सरल भाषा में अपनी बात कहते हैं और वो भी पूरी साफ़गोई से। यह साफ़गोई ही है जो कई बार लोगों को पसन्द नहीं आती। इस पर हफ़ीज़ मेरठी का एक शे'र है जो मुझे याद आ रहा है, रात को रात कह दिया मैंने, सुनते ही बौखला गयी दुनिया।

सम्पादकीय से तीन महत्त्वपूर्ण बातें उभर कर आती हैं जो क्रमशः शिल्प, कथानक और शीर्षक से सम्बन्धित हैं :

1. सत्य घटना और लघुकथा में अन्तर होता है और ये अन्तर उतना ही होता है जितना कि एक मकड़ी और उसके जाले में। इस बात को आप इस अंक की कई रचना प्रक्रियाओं में महसूस कर सकते हैं जहाँ लघुकथा लघुकथा कम और घटना ज़ियादा प्रतीत होती है। इसके पीछे का प्रमुख कारण यह है कि लोग इस पर तो ध्यान देते हैं कि उन्हें 'क्या कहना है', मगर इस पर नहीं कि 'कैसे कहना है'। मधुदीप गुप्ता के शब्दों में, "किसी भी घटना को तुरन्त लिख देना पत्रकारिता की श्रेणी में आता है और वह सृजनात्मक लेखन नहीं होता।" सृजनात्मक लेखन के लिए कल्पनाशीलता अहम है। यह कल्पनाशीलता ही है जो किसी मिट्टी को अलग-अलग रूप दे कर बाज़ार को समृद्ध करती है।

2. दूसरी महत्त्वपूर्ण बात 'क्या कहना है' से सम्बन्धित है। निश्चित तौर पर लोग कथानक चयन पर ध्यान देते हैं पर कई बार वो आत्म-मोह से ग्रसित भी हो जाते हैं जिसकी वजह से उनकी रचनाएँ उनके जीवन-अनुभवों के आस-पास तक ही सीमित हो कर रह जाती हैं। हाँ, अगर किसी के अनुभवों का फ़लक विस्तृत हो तो यह बुरा नहीं है पर अक्सर ऐसा होता नहीं। वैसे तो यह बात पुरुष और महिला दोनों लघुकथाकारों पर समान रूप से लागू होती है पर सम्पादक ने यहाँ पर महिला लघुकथाकारों को विशेष रूप से इंगित किया है। उन्हीं के शब्दों में, "मैं महिला लघुकथाकारों से करबद्ध प्रार्थना करना चाहूँगा कि भगवान के लिए! अब भिंडी-तोरई, आलू-मेथी, तड़का-छौंक, चाय-पकौड़े, सास-बहू, ननद-जेठानी आदि से बाहर निकलें। लघुकथा इन विषयों से कहीं आगे पहुँच चुकी है, अतः वे भी अब रसोई की दुनिया से बाहर झाँकना शुरू करें।" ऊपर मैंने जिस साफ़गोई की बात की है आप उसे साफ़-साफ़ यहाँ पर देख सकते हैं। सम्पादकीय का शीर्षक 'दिल दिआँ गल्लाँ' इस अर्थ में बिल्कुल सटीक है। फ़िलहाल मैं सम्पादक की इस बात से ख़ुद को सहमत होने से नहीं रोक पा रहा हूँ कारण यह है कि मैंने स्वयं अधिकांश (सभी नहीं और इनमें से कुछ इस अंक में शामिल भी हैं) महिला लघुकथाकारों की रचनाएँ इन्हीं विषयों पर केन्द्रित देखी हैं। सम्पादक की इस बात को कई लोगों ने अन्यथा ले लिया जो सर्वथा अनुचित है। भावनाओं के ज्वार में बह कर यह कहना कि बिना रसोई के किसी का काम ही नहीं चल सकता इसलिए हम इसी पर लिखेंगे से कई गुना बेहतर है कि हम अपनी बात तार्किक रूप से ठोस तथ्यों के आधार पर कहें। यहाँ पर मैं अरुंधति रॉय का नाम लेना चाहूँगा जिनसे न सिर्फ़ महिला बल्कि पुरुष लघुकथाकार भी बहुत कुछ सीख सकते हैं।

3. सम्पादकीय से उभर कर आने वाली तीसरी महत्त्वपूर्ण बात शीर्षक चयन से सम्बन्धित है। वैसे इस मामले में मेरा हाथ भी तंग ही है। शीर्षक की बात चली है तो मैं ये बताना चाहूँगा कि इस अंक में तीन लघुकथाएँ एक ही शीर्षक (बोहनी) से मौजूद हैं जो निश्चित रूप से उस चिन्ता को बल देती हैं जो सम्पादकीय में व्यक्त की गयी है। शीर्षक सम्बन्धी कुछ महत्त्वपूर्ण बातें हमें विभिन्न रचना प्रक्रियाओं में भी देखने को मिल जाती हैं जैसे शीर्षक का चयन कब करना चाहिए, लिखने से पहले या लिखने के बाद? कुछ लोग शीर्षक पर लघुकथा लिखने से पहले ही विचार कर लेते हैं जैसे अरुण धर्मावत और नीना छिब्बर वहीं कुछ लोग लघुकथा लिखने के बाद शीर्षक पर विचार करते हैं जैसे कि चंद्रेश कुमार छतलानी।

यूँ तो लगभग सभी की लघुकथाएँ और उनकी रचना प्रक्रिया पठनीय हैं फिर भी अशोक भाटिया, बलराम अग्रवाल, मधुदीप गुप्ता, माधव नागदा, योगराज प्रभाकर, रवि प्रभाकर, रामेश्वर कम्बोज 'हिमांशु', सतीशराज पुष्करणा, सुकेश साहनी और सूर्यकांत नागर की रचना प्रक्रिया विशेष दर्शनीय हैं। यदि पुस्तक समीक्षाओं की बात की जाए तो मुझे रवि प्रभाकर की समीक्षा ने विशेष प्रभावित किया। योगराज प्रभाकर द्वारा अशोक भाटिया की पुस्तक 'बालकांड' की काव्यात्मक समीक्षा अलग होने के कारण विशिष्ट लगी।

पत्रिका को पढ़ने के क्रम में मैं जब मुकेश शर्मा की लघुकथाएँ पढ़ रहा था तो एक चीज़ मुझे खटकी और वो था उनकी दोनों लघुकथाओं में एक ही वाक्य का अक्षरशः प्रयोग – "अँधा क्या चाहे, दो आँखें।" यह कोई बड़ा दोष नहीं है पर मुझे लगता है कि इससे बचा जा सकता था। बाकी हल्के-फुल्के अन्दाज़ में लिखी गयीं उनकी दोनों लघुकथाएँ मज़ेदार हैं। 'दिल की दुनिया' में अक्सर लोगों के 'प्यार का एकाउण्ट' क्लोज़ हो जाता है भले उस खाते में कितना ही एमाउण्ट क्यों न हो। रही बात जन धन खाते वालों की तो उन्हें इससे दूर ही रहना चाहिए। इसी प्रकार, रामनिवास 'मानव' जहाँ एक ओर अपनी लघुकथा 'टॉलरेन्स' की रचना प्रक्रिया में यह कहते हैं कि "हमने कोई फ़िल्म देखी थी, शायद किसी क्रान्तिकारी पर आधारित 'शहीद' फ़िल्म थी।" वहीं अपनी लघुकथा में यह भी लिखते हैं कि "भगत सिंह के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है।" ऐसा कैसा हो सकता है कि आपको लघुकथा में तो नाम पता हो किन्तु रचना प्रक्रिया में आप नाम भूल जाएँ? निश्चित ही यह टंकण त्रुटी है पर इस स्तर पर थोड़ी सावधानी बरतनी चाहिए।

लेखकों की रचना प्रक्रिया से कई बातें निकल कर आती हैं। जैसे लघुकथा कथानक आते ही लिख लेना चाहिए या उसे काग़ज़ पर तब उतारना चाहिए जब वो पूरी तरह मस्तिष्क में पक जाए? तारिक़ असलम तस्नीम पहली तरह के लेखक हैं। वो न सिर्फ़ किसी रचना के सृजन से पहले ही उसके आरम्भ से अन्त तक की रूपरेखा सुनिश्चित करने को गैरज़रूरी मानते हैं बल्कि यह भी कहते हैं कि यदि ऐसा होता है तो वह रचना सकारात्मक कम आत्माभिव्यक्ति अधिक सिद्ध होगी। निरंजण बोहा दूसरे तरीके के समर्थक हैं। उन्हीं के शब्दों में, "मैं सदैव लघुकथा के लिए कोई विषय सूझने और उसे काग़ज़ पर उतारने के मध्य एक उचित अन्तराल अवश्य रखता हूँ।" इस दूसरी क़तार में रवि प्रभाकर भी आते हैं। यही कारण है कि उन्होंने लघुकथा को दीर्घ साधना कहा है।

लघुकथा क्या है? इसे समझाने के लिए कई परिभाषाएँ दी जाती हैं। एक ऐसी ही परिभाषा मनु मनस्वी ने भी दी है। उनके अनुसार, "लघुकथा हाइकु की भांति हो, संक्षिप्ततम और पूर्ण, जिसमें कोई भी ऐसा शब्द न आए, जिसके बिना भी बात कही जा सकती हो।" हाइकु जापानी कविता की एक विधा है जिसमें संक्षिप्तता का विशेष ध्यान रखा गया है। संक्षिप्तता की यही ख़ूबी लघुकथा में भी पायी जाती है। पर लघुकथा में सबकुछ लघु नहीं होता। अक्षय तूणीर की इस बात से मैं भी पूरी तरह सहमत हूँ कि लघुकथा का आकार तो लघु हो सकता है किन्तु चिन्तन नहीं। अगर चिन्तन को ही लघुकथा का केन्द्रीय तत्त्व कहा जाए तो गलत नहीं होगा। निरंजण बोहा के शब्दों में, "लघुकथा लिखते हुए मैं सबसे अधिक महत्त्व 'विचार' को देता हूँ, अतः मैं अपनी उन्हीं लघुकथाओं को सफल मानता हूँ जिनमें निहित विचार अथवा दर्शन का मानवोत्थान में कोई योगदान हो।" छोटी चीज़ों को तुच्छ समझना हमारे समाज की ख़ास विशेषता रही है। यही कारण है कि बहुतेरे पाठक लघुकथा में 'लघु' शब्द पर विशेष ज़ोर देते हुए इसे साहित्य की एक छोटी विधा मान लेने की भूल कर बैठते हैं। कुछ लघुकथाकारों द्वारा स्वयं को लघुकथाकार न कहलवाने की इच्छा के पीछे का प्रमुख कारण भी यही है।

जितना ज़रूरी लघुकथा का प्रभावशाली अन्त करना होता है उतना ही ज़रूरी उसकी अच्छी शुरुआत करना भी है। लघुकथा की शुरुआत कहाँ से करनी चाहिए और कहाँ पर उसका अन्त, इसका एक अच्छा उदाहरण है मिर्ज़ा हाफ़िज़ बेग़ की लघुकथा 'बोहनी' और उसकी रचना प्रक्रिया। लिखने के बाद लिखे हुए को प्रकाशित करवाने की बारी आती है जहाँ अक्सर नवोदित जल्दबाज़ी कर बैठते हैं। उन्हें चेतावनी देते हुए रामेश्वर कम्बोज 'हिमांशु' कहते हैं कि "अगम्भीर लेखक लिखते ही लघुकथा को कहीं-न-कहीं भेजकर मुक्ति पाना चाहता है। उसमें अपनी ही रचना को दुबारा पढ़ने का धैर्य नहीं है, जबकि अपनी रचना से दुबारा गुज़रना सधे हुए लेखक के लिए ज़रूरी है।" इसी तरह वो लोग जिन्हें लगता है कि उनकी हर रचना कालजयी होती है को सविता इन्द्र गुप्ता की बात याद रखनी चाहिए। वो कहती हैं, "एक मुकम्मल लघुकथा लिखना सम्भव कहाँ होता है? लेखकों की सारी उम्र बीत जाती है, तब वे दो-तीन कालजयी और सात-आठ मुकम्मल लघुकथाएँ रचने में सफल हो पाते हैं।"

कई लोगों ने अपनी रचना प्रक्रिया में अपनी लघुकथा को प्राप्त हुए पुरस्कारों का भी वर्णन किया है जो पूर्णतः अनुचित है। इसी प्रकार कुछ लोग अपनी रचना प्रक्रिया में इस पर भी गर्व करते हुए पाए गए कि उन्होंने अपनी लघुकथा पर किसी से भी विचार-विमर्श नहीं किया है। मुझे नहीं लगता कि इसमें गर्व करने जैसी कोई भी चीज़ है। अगर आप कहानियाँ लिखते हों और आपके पास विचार-विमर्श के लिए मंटो मौजूद हों, तो? क्या आप उनसे चर्चा-परिचर्चा नहीं करेंगे? हमें यह याद रखना चाहिए कि जितना गौरवपूर्ण किसी से विचार-विमर्श न करना है उससे कहीं ज़ियादा दुर्भाग्यपूर्ण है किसी ऐसे का अपने आस-पास न होना जिसके साथ हम साहित्यिक और बौद्धिक चर्चा कर सकें। किसी भी क़िले को बिना किसी मदद के अकेले फ़तह करना अच्छी बात है पर उसका डंका हमें ख़ुद नहीं पीटना चाहिए।

इस अंक में नाचीज़ की भी दो लघुकथाएँ और उनकी रचना प्रक्रिया शामिल हैं। कई लोगों को लगता है कि मैं बहुत कठिन लिखता हूँ। यह स्थिति किसी भी लेखक के लिए गर्व की बात नहीं है जब तक कि वो ग़ालिब न हो। वो लोग जिन्हें ऐसा लगता है कि मैं कठिन लिखता हूँ से अनुरोध है कि वो इन दोनों लघुकथाओं के साथ उनकी रचना प्रक्रिया को पढ़ कर अपने अमूल्य मत से अवगत कराएँ जिससे कि अपेक्षित सुधार किया जा सके। ये दोनों लघुकथाएँ और उनकी रचना प्रक्रिया इस पोस्ट (Facebook Post: https://www.facebook.com/idrmkr/posts/2630671406979322) में संलग्न हैं। अपनी बात मैं ख़ुद को उस शे'र से अलग करते हुए ख़त्म करना चाहूँगा जो ग़ालिब ने अपने लेखन में मआनी न होने पर कहा था, न सताइश की तमन्ना न सिले की परवा, गर नहीं है मिरे अशआर में मअ'नी न सही।

- महेंद्र कुमार 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें