यह ब्लॉग खोजें

कमलेश भारतीय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कमलेश भारतीय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 15 दिसंबर 2022

साक्षात्कार: कमलेश भारतीय (वरिष्ठ लघुकथाकार) | साक्षात्कारकर्ता: डॉ. लता अग्रवाल

सीसीटीवी कैमरे की तरह जीवन की हर सूक्ष्म बात को पकड़ लेती है : लघुकथा 

खेमे शेमे में साहित्य नहीं पनपता - कमलेश भारतीय

वरिष्ठ लघुकथाकार श्री कमलेश भारतीय से डॉ. लता अग्रवाल की बातचीत


महज सत्रह वर्ष की आयु में कलम थाम, शिक्षक से , प्राध्यापक एवं प्राचार्य के पदों पर अपनी सेवाएं देने के बाद दैनिक ट्रिब्यून चंडीगढ़ में मुख्य संवाददाता रहे, तत्पश्चात हरियाणा ग्रंथ अकादमी में उपाध्यक्ष के पद पर रहे स्वतंत्र पत्रकार के रूप में अपनी पहचान बनाने वाली बेहद जिंदादिल शख्सियत श्री कमलेश भारतीय जी साहित्य के क्षेत्र में भी बेहद लोकप्रिय नाम है । अब तक आपके दस कथा संग्रह हिंदी साहित्य की धरोहर बन चुके हैं । पंजाबी, उर्दू, अंग्रेजी, मराठी, डोगरी, बंगला आदि भाषाओँ में आपकी रचनाएँ अनुवादित हो चुकी हैं । आपकी कृति ’एक संवाददाता की डायरी’ को केन्द्रीय हिंदी निदेशालय नयी दिल्ली द्वारा पुरस्कृत किया गया । पूर्व प्रधानमन्त्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने निवास पर इस सम्मान से सम्मानित किया। इसके अलावा आप हरियाणा साहित्य अकादमी पंचकूला द्वारा भी सम्मानित हो चुके हैं ।

2017 में पंचकूला साहित्य अकादमी द्वारा आयोजित लघुकथा सम्मेलन में आपका सान्निध्य मिला तो जाना बेहद विनम्र और बुध्दिजीवी, अनुशासित व्यक्तित्व ...जिनसे प्रेरणा ली जानी चाहिए । आप लघुकथा के आरंभ के सहयात्री रहे हैं अत: लगा आपसे भी लघुकथा पर चर्चा की जानी चाहिए । बातचीत के कुछ अंश आपसे साझा करती हूँ ।


डॉ. लता अग्रवाल - जीवन और समाज में साहित्य की क्या भूमिका है आपसे जानना चाहेंगे ?

कमलेश भारतीय- जीवन और समाज साहित्य के बिना सूने । साहित्य मनुष्य को संवेदनशील बनाता है । जीवन को सरस बनाता है । जीवन को महकाता है । जिस समाज में साहित्य नहीं वह समाज निर्मम और क्रूर हो जाता है । साहित्य हृदय को परिवर्तित कर देता है । बाबा भारती की कहानी यही संदेश देती है । 


डॉ. लता अग्रवाल – जी हम सभी ने पढ़ी है यह कहानी । भारत कथा/कहानी का केंद्र रहा है, लघुकथा भी कथा विधा का ही अंग है। आप साहित्य में इसकी क्या भूमिका देखते हैं ?

कमलेश भारतीय- लघुकथा प्राचीन समय से है। पंचतंत्र व हितोपदेश जाने कितने इसके प्रमाण हैं। लघुकथा बहुत कम शब्दों में बहुत बड़ी बात कहने में सक्षम विधा है। लघुकथा ने इसीलिए इतनी लोकप्रियता पाई है। आज साहित्य की केंद्रीय विधा बन चुकी है जिसे कभी अखबार के फिलर के रूप में उपयोग किया जाता था। 


 डॉ. लता अग्रवाल -  सहमत हूँ, हमारे यहां साहित्य को कला नहीं विधा माना जाता है कला को आनन्द की वस्तु कहा गया है जबकि साहित्य के मूल में  स+ हित है। लघुकथा एक विधा के रूप में इस कसौटी पर कितनी खरी उतरती है।

कमलेश भारतीय- लघुकथा हर कसौटी पर खरी उतर रही है। ‘सहित’ तो सभी विधाओं की मूल शर्त है। इसके बिना लेखन किसलिए और किसके लिए ? लघुकथा आज सीसीटीवी कैमरे की तरह जीवन के हर सूक्ष्म बात को पकड़ लेती है। यही इसकी खूबी है। गुण है।


डॉ. लता अग्रवाल – जी ,आज पाठ्यक्रमों में लघुकथा को स्थान देने की मांग की जा रही है। आप शिक्षा में इसका कहां तक उपयोग देखते हैं ?

कमलेश भारतीय-  मांग कहां ? मेरी लघुकथाएं पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की पाठ्यपुस्तकों में शामिल रही हैं। मेरी तरह अन्य रचनाकारों की लघुकथाएं भी अलग अलग पाठ्यक्रमों में लगी होंगीं। 


डॉ. लता अग्रवाल – मतलब निकट भविष्य में मुख्य विषय के रूप में इसकी कल्पना कई जा सकती है। लघुकथा में पुनर्लेखन को आप किस रूप में देखते हैं, मेरा आशय प्राचीन लघुकथाओं से भी है और पौराणिक से भी।

कमलेश भारतीय-  लघुकथाओं का पुनर्लेखन यानी नये समाज व प्रसंग के साथ जोड़ कर लिखना। ऐसी लघुकथाएं बहुतायत में हैं। मैंने इस तरह का प्रयोग जनता और नेता में किया है। राजा विक्रमादित्य में किया है।


डॉ. लता अग्रवाल – हाँ, आज पुस्तकालयों में सन्नाटे झांक रहे हैं, मुफ्त में भी किताब भेंट करें तो उन्हें पढ़ने के संस्कार नहीं दिखते। क्या कारण है   .पढ़ने में रुचि कम हो रही है या इस भागदौड़ भरी जिंदगी में इंसान के भीतर की बेचैनी है जो उसे एकाग्र नहीं होने देती।

कमलेश भारतीय-  इसीलिए मैं अपनी किताबें स्वयं प्रकाशित कर एक एक पाठक तक पहुंचा रहा हूं। मैंने लिखा है यादों की धरोहर में कि होम डिलीवरी करने में भी संकोच नहीं। मेरी इस पुस्तक के दो संस्करण हाथों हाथ पाठकों तक पहुंच गये। दो माह में संस्करण खत्म। मेरी खुद से चुनौती थी कि दो संस्करण निकाल कर दिखाऊंगा।  पुस्तक कम मूल्य कम हो और पेपरबैक हो। तभी पाठक स्वीकार करता है। महंगे मूल्य क्यों ? 


डॉ. लता अग्रवाल – पुस्तकों का महंगा होना भी एक अहम् कारण है। आज लघुकथा में किन विषय वस्तु को उठाने की दरकार आप महसूस करते हैं जो समाज को संबोधित करने की ताकत रखती है और आवश्यक है।

कमलेश भारतीय-  विषय की कोई कमी नहीं। मोबाइल , इंटरनेट और सोशल मीडिया तक इसके विषयों में शुमार हो चुके हैं। लघुकथा में सबको समा लेने की क्षमता है।


डॉ. लता अग्रवाल – बिलकुल, इधर कुछ समय से लघुकथा में काव्यात्मकता की आवश्यकता महसूस की जा रही है , कहीं - कहीं इस पर काम भी हुआ है। आप इस संबंध में क्या कहना चाहेंगे।

कमलेश भारतीय-  काव्यात्मकता से आपका आश्य सरसता से है। मैंने प्रेम लघुकथाएं ऐसे ही प्रयोग के तौर पर लिखी हैं। सरसता और कथारस जरूरी है। 


डॉ. लता अग्रवाल – ठीक कहा, लघुकथा के अनेक मंच तैयार हो गए हैं ऐसा महसूस किया जा रहा है कि इन मंचों के दबाव में लघुकथा कहीं दब सी गई है। इसमें कितनी सच्चाई है ?

कमलेश भारतीय-  हां। कुछ अति हो रही है। ज्यादा मंच और कम काम। कोई भी मंच वर्ष की श्रेष्ठ लघुकथाओं का संकलन प्रकाशित नहीं करता। यह सुझाव है मेरा।


डॉ. लता अग्रवाल – पूर्णत: सहमत, लघुकथा में भाषा और शिल्प को लेकर जो नए- नए प्रयोग किए जा रहे हैं आप उसे लघुकथा के लिए कितना हितकर मानते हैं ?

कमलेश भारतीय-  बात को हटकर कहने का अंदाज ही नये प्रयोग की ओर ले जाता है। पर सायास नहीं होने चाहिएं।


डॉ. लता अग्रवाल – जी, आज जिस परिमाण में लघुकथाएं लिखी जा रही हैं ,इससे अच्छी लघुकथाओं को लेकर चिंतन उत्पन्न हो रहा है। अच्छी लघुकथा की परिभाषा आपसे जानना चाहेंगे ? 

कमलेश भारतीय-  अच्छी लघुकथा जिसे सायास नहीं अनायास सहज ही लिखा जाए। स्वाभाविक। यह आकाश में बिजली कौंधने के समान है। इसे अनावश्यक विस्तार नहीं दिया जाना चाहिए। जितने कम शब्दों व प्रतीकों में बात कही जाए तो सुखद व श्रेयस्कर।


डॉ. लता अग्रवाल -  कम शब्दों पर जानना चाहूंगी, लघुकथा को जो मैं समझ पाई हूँ कम से कम शब्दों में व्यक्त करने की कला है। मगर आज इसकी शब्द सीमा में निरंतर विकास हो रहा है। आप इस बढ़ती शब्द सीमा से कितनी सहमति रखते हैं ?

कमलेश भारतीय-  ज्यादा लम्बी नहीं होनी चाहिए। शब्द संख्या तय नहीं लेकिन यदि कुछ बढ़ती है तो इसे छोटी कहानी के रूप में लें। कुछ रचनाएं मेरी भी बड़ी हैं और इनके बाद काफी सतर्क होना पड़ा। अपने आलोचक बनना सीखें।


डॉ. लता अग्रवाल – मतलब कम शब्दों में गहरी बात कही जाय, इसी से जुड़ा अगला सवाल, आज बड़ी मात्रा में लघुकथाकारों का आगमन हो रहा है। क्या यह मान लिया जाए कि लघुकथा लिखना आसान है ?

कमलेश भारतीय-  नहीं। आसान नहीं। पर यदि सिर्फ रविवारी लघुकथा ही लिखना है तो कोई लाभ नहीं विधा को। ज्यादा बाढ़  नवम् दशक में आई और फिर उतार भी आया। सोच समझ कर लिखा जाए। गुलेरी का उदाहरण।कम लिखो। उसने कहा था ने उन्हें अमर कर दिया।


डॉ. लता अग्रवाल -  यह भी कहा जाता है कि विषय को शब्द सीमा में नहीं बांधा जा सकता, किन्तु मेरा सवाल फिर वहीं आता है। शब्दों की मितव्ययता ही तो इस विधा की मौलिक पहचान है !

कमलेश भारतीय- शब्द कम से कम और मारक व बेधक शक्ति ज्यादा। शब्दभेदी बाण जैसी।


डॉ. लता अग्रवाल – प्रेरक उदाहरण, जीवन की कठिनाई, मुसीबतों, जटिलताओं और अंतर विरोधों के बीच ही श्रेष्ठ लघुकथाओं का सृजन होता है ? आप इस विचार से कितनी सहमति रखते हैं ?

कमलेश भारतीय- यह तो सारे साहित्य का मूल है  संघर्ष , चुनौतियां जीवन की और सुख दुख सभी तो इसके अंगसंग हैं और लेखन का आधार। लेखन की नींव।


डॉ. लता अग्रवाल –बिलकुल, वर्तमान में लघुकथा प्राचीन नियमों की दीवार फांद कर अपने लिए नए दायरे स्थापित कर रही है इसे कहां तक स्वीकृति की संभावना आप देखते हैं ?

कमलेश भारतीय- नये समय के अनुसार परिवर्तन के लिए हमें तैयार रहना चाहिए और बदलाव सहर्ष स्वीकार करने चाहिएं।


डॉ. लता अग्रवाल – जी, 21वीं सदी के दूसरे दशक में लघुकथा की स्थिति और उपस्थिति के बारे में आपसे जानना चाहेंगे ?

कमलेश भारतीय-  नयी सदी में लघुकथा और अधिक लोकप्रिय होगी। सबके पास समय का अभाव। व्यस्तता के बीच लघुकथा को तुरंत पढ़ा जाता है। यह इसकी खूबी है। गुण है और लोककथाओं की तरह प्रचलित हो रही हैं।


डॉ. लता अग्रवाल – ठीक बात, लघुकथा में अनुभव और अनुभूति को आप किस तरह स्वीकार करते हैं?

कमलेश भारतीय- अनुभव को अनुभूति तक ले जाना और अभिव्यक्त करना ही लेखन की कला है। यदि हमने जो अनुभव किया है उसे लिखने में असमर्थ होते हैं तो निश्चय ही हम अनुभूति तक ले जाने में विफल रहे हैं। यह समझ लीजिए।


डॉ. लता अग्रवाल – जी, जो कुछ भी जीवन में है; साहित्य में वह त्याज्य नहीं, न ही वर्जित है। इस दृष्टि से लघुकथा में कई विषय अनछुए रह गए हैं। अगर आप सहमत हैं तो उन विषयों के बारे में आपसे जानना चाहेंगे ?

कमलेश भारतीय-  नहीं। मेरा ख्याल है कि यह भ्रम है। सभी विषयों को छू रही है लघुकथा। अभी आपने डा. घोटड़ के साथ किन्नर समाज तक की लघुकथाएं दी हैं। क्या पहले कभी इस विषय को छुआ गया ?



डॉ. लता अग्रवाल
–जी धन्यवाद , जब भी कोई विचार या भाव आपके मन में घुमडता है ,आप कैसे तय करते हैं कि उसे किस विधा और किस शिल्प में ढाला जाए ? क्योंकि एक साहित्यकार लघुकथाकार के अतिरिक्त कई विधाओं से जुड़ा होता है।

कमलेश भारतीय-  हां। यहआपने सही कहा। कुछ विषय लघुकथा के लिए चुने लेकिन वे कहानी का रूप ले गये तो कुछ कहानियां लघुकथा बन गयीं। जैसे ताजा लघुकथा तिलस्म। कहानी लिखना चाहता था पर लगा कि लघुकथा में ही बात कह सकता हूं। इस तरह लिखने की प्रक्रिया में अपने आप लेखक मन तय कर लेता है।बस , थोड़ा सा झूठ कहानी लघुकथा के रूप में लिखनी शुरू की लेकिन कहानी बन गयी और खूब चर्चित रही । 


डॉ. लता अग्रवाल –वाह, लघुकथा का वास्तविक उद्देश्य और सार्थकता क्या है ?

कमलेश भारतीय-  हर साहित्यिक विधा का उद्देश्य अपना संदेश देना है। समाज को बदलने में भूमिका निभाना है। मुंशी प्रेमचंद के अनुसार मनोरंजन करना साहित्य लेखन नहीं।   


डॉ. लता अग्रवाल - निर्मल जी ने कहा है कि, 'ठिठुरती आत्मा को गर्माहट देना साहित्य का काम है।' इसी वाक्य को यदि कुछ इस तरह मैं कहूं कि जड़ मानवीय संवेदना में भावों का संचार करना ही लघुकथा का काम है आप कितनी सहमति रखते हैं ?

कमलेश भारतीय- जी बिलकुल सही है ,संवेदना को झकझोरने का काम साहित्य करता है। आत्मा को जगाए रखने का काम साहित्य करता है।


डॉ. लता अग्रवाल – जी साहित्य रागात्मक सम्बन्ध उत्पन्न करता है। लघुकथाकार को धैर्यवान होना चाहिए, ताकि वह विसंगतियों को कटघरे में खड़ा कर सके। क्या आज लघुकथाकार इस कसौटी पर खरे उतर रहे हैं ? 

कमलेश भारतीय- कोशिश। कोशिश। कोशिश।


डॉ. लता अग्रवाल – बहुत खूब , आप काफी समय से लघुकथा से जुड़े हैं, उस वक्त लघुकथा यानी 'साहित्य को जबरन बोना करने या फिलर के रूप में कहीं स्थान पाना मात्र था। आज लघुकथा को आप कहां पाते हैं ? 

कमलेश भारतीय-  फिलर से पूर्ण विधा। पचास साल के सफर में कितने रूप और कितनी मंजिलें तय कीं। जैसे व्य॔ग्य की स्थिति को कभी शूद्र की स्थिति में रखा था हरिशंकर परसाई ने लेकिन आज स्थिति बदल चुकी। ऐसे ही लघुकथा ने बहुत महत्त्वपूर्ण स्थान बना लिया। अब कोई पत्र -पत्रिका इसकी उपेक्षा नहीं कर सकती।


डॉ. लता अग्रवाल – बधाई,  खेमे बनाने से कोई विधा नहीं पनपती फिर भी आज लघुकथा में कई खेमें नित्य जन्म ले रहे हैं। ऐसे में लघुकथा का क्या भविष्य देखते हैं ?

कमलेश भारतीय-  मैंने लम्बे लघुकथा सफर में किसी भी खेमे से अपनेआपको जुडने नहीं दिया। भरसक दूरी बनाए रखी। कुछ नुकसान भी उठाया लेकिन अपने पथ से विचलित नहीं हुआ। खेमे शेमे में साहित्य नहीं पनपता यह मेरा विश्वास है। 


डॉ. लता अग्रवाल –लघुकथाओं के प्रति शौक कैसे उत्पन्न हुआ ? लघुकथा को लेकर आपके साहित्य संसार के बारे में जानना चाहेंगे।

कमलेश भारतीय-  मूलतः कहानियां लिखता था। लम्बी कहानियां। छह कथा संग्रह हैं मेरे।  धर्मयुग , कहानी , सारिका , नया प्रतीक सभी में कहानियां आईं। पहले लघुकथा संग्रह महक से ऊपर को पंजाब के भाषा विभाग की ओर से सर्वोत्तम कथाकृति का पुरस्कार मिला तो एक संवाददाता की डायरी को प्रधानमंत्री पुरस्कार। इसके बाबजूद लघुकथा की ओर आकर्षित हुआ और चार लघुकथा संग्रह भी दिए। पांचवें की तैयारी में हूं। कम शब्दों में बड़ी से बड़ी बात पहुंचाना ही आकर्षण का केंद्र बना। नाटक , गजल और दोहे जैसी विधाओं की तरह तुरंत बात पहुंचाना लघुकथा में संभव। एक लघुकथा संग्रह ‘इतनी सी बात’ का पंजाबी में ‘ऐनी कु गल्ल’ के रूप में अनुवाद भी हुआ। इसका नेपाली में भी अनुवाद होने छा रहा है। अनेक लघुकथाएं पंजाबी , गुजराती , मलयालम व अन्य भारतीय भाषाओं में अनुवाद हुआ। 


डॉ. लता अग्रवाल -  एक लेखक ‘सार्त्र’ रहे, जिन्होंने नोबेल पुरस्कार को भी आलू की बोरी कहकर ठुकरा दिया। आज पुरस्कार लेने की होड़ लगी है, आप भी उसी लेखक समाज से आते हैं मगर जितना में जानती हूँ आप मंच से सदैव दूरी बनाए रखते हैं, इसकी कोई खास वजह...?

कमलेश भारतीय-  लघुकथा के समर्पित सिपाही के तौर पर काम करना पसंद। यही कर रहा हूं पचास वर्ष से। सिर्फ कार्यकर्त्ता की भूमिका। नेतागिरी या पुरस्कार पर आंख नहीं।  पुरस्कार के पीछे भागना पसंद नहीं। आप पुरस्कार के लिए नहीं लिखते। आत्मसंतुष्टि और समाज के लिए लिखते हैं। प्रधानमंत्री तक का पुरस्कार सहज ही मिला। लेखक को श्रेष्ठ लिखने की चिंता करनी चाहिए। पुरस्कारों की नहीं।


डॉ. लता अग्रवाल – काश...! आपने लघुकथा को परिभाषित किया है कि 'मेरी दृष्टि में लघुकथा उन क्षणों का वर्णन है जिन्हें जानबूझकर विस्तार नहीं दिया जा सकता यदि लघुकथा लेखक ऐसा करता है तो सजग पाठक उसे तुरंत पहचान लेता है। तो क्या लघुकथा लेखन के दौरान विषय चयन को लेकर कोई सावधानी रखनी चाहिए ?

कमलेश भारतीय- सावधानी नहीं। अंदर से यह अनुशासन होना चाहिए। सप्रयास कुछ नहीं। सहजता ही मूलमंत्र।


डॉ. लता अग्रवाल – जी, लघुकथा को लेकर जितना समर्पण भाव पंजाबी, गुजराती, डोगरी में संजीदगी से हो रहा है,हिंदी में वह गंभीरता कम ही दिखाई देती है। क्या वजह हो सकती है।

कमलेश भारतीय- समर्पण जरूरी है। बहुत सचेत रहने की जरूरत। हिंदी में मठों की स्थापना ज्यादा और इसे संवारने की ओर ध्यान कम। 


डॉ. लता अग्रवाल – सहमत हूँ,  आपने एक बात बड़ी रोचक कही, 'लघुकथा आंदोलन में बिखराव का कारण सब ने अपनी - अपनी डेढ़ इंच की मस्जिद बनाकर मसीहाई मुद्रा अपना ली है। इससे कैसे बाहर आया जाये?

कमलेश भारतीय-  खुद को खेमों और मठों से दूर रखना ही इसका उपाय है। यही कर रहा हूं। सिर्फ लेखन पर ध्यान। कभी संग्रह संपादन नहीं किया। समाचारपत्र व पत्रिका के संपादन में भी नये रचनाकारों को मुक्तहृदय से मंच प्रदान किया। 

-0-

रविवार, 28 अप्रैल 2019

पुस्तक समीक्षा | पिघलती बर्फ (सविता इंद्र गुप्ता) | कमलेश भारतीय



पुस्तक : पिघलती बर्फ
लेखिका : सविता इंद्र गुप्ता
प्रकाशक : अक्षर प्रकाशन, कैथल
पृष्ठ संख्या : 128
मूल्य : रु. 300.

सविता इंद्र गुप्ता का लघुकथा संग्रह ‘पिघलती बर्फ’ में कुल 88 रचनाओं में ज्यादातर लघुकथाएं नारी जीवन की समस्याओं को उजागर करती हैं ।
पुस्तक की कहानी ‘भेडि़या’ में सुरसती को गांव में स्कूल चलाने से न रोक पाने पर प्रधान उसका यौन शोषण करना चाहते हैं तो बच्चे अपने अविभावकों को बुला लाते हैं और सभी प्रधान जैसे भेडि़ये का शिकार कर डालते हैं। ‘वापसी’ में पति-पत्नी प्यार से चलकर कोर्ट के गलियारों तक पहुंच गये लेकिन कोर्ट के बाहर बातचीत में ही वापसी हो जाती है। उसके बिना लघुकथा अच्छी है कि पति बीस साल बाद पत्नी को अपनी सुंदर सेक्रेटरी के लिए तलाक देना चाहता है और पत्नी कहती है कि मेरे बीस वर्ष लौटा दो। इस पर समरसेट माॅम की लघुकथा सहज ही ध्यान में आ जाती है।
शीर्षक लघुकथा ‘पिघलती बर्फ’ में कठोरता पिघल जाती है जब सर्दी में कम्बल देने में देरी होने पर भिखारी बालक मर जाता है। तब पति-पत्नी फैसला करते हैं कि कुछ कम्बल खरीद कर गरीब बच्चों को बांट कर आएंगे। कामवालियां क्या दीपावली की सफाई में किसी कूड़ेदान की तरह होती हैं? यह सवाल उठाती है ‘कूड़ेदान’ लघुकथा।
इस तरह सविता इंद्र की लघुकथाएं इस विधा की कसौटी पर सही उतरती हैं। उनका पहला लघुकथा संग्रह ही काफी परिपक्व रचनाएं लिए हुए है। दो लघुकथाओं का क्रम गड़बड़ है। एक शीर्षक वाली लघुकथा क्रम में है लेकिन संग्रह में नहीं। एक है तो उसका उल्लेख नहीं। इन छोटी बातों की ओर भी ध्यान दिया जाना चाहिए था।

सोमवार, 2 जुलाई 2018

लघुकथा समाचार

साहित्य पढ़ने के साथ लिखा भी जाना चाहिए : कमलेश भारतीय
सृजन सेवा संस्थान ने साहित्यकारों को दिया सृजन सम्मान
Dainik Bhaskar | Jul 02, 2018 | Shriganganagar

सृजन सेवा संस्थान की आेर से रविवार को बीरबल चौक स्थित एक सभागार में आयोजित लेखक से मिलिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वरिष्ठ लघुकथाकार कमलेश भारतीय (हिसार) ने अपना जीवन परिचय दिया और लिखने की रुचि कैसे पैदा हुई इस बारे में जानकारी दी। लघु कथाकारों के मठ बनना ही लघुकथा के लिए नुकसानदायक साबित हुआ है। जब तक मठ नहीं थे, तब तक लघुकथा बेहतर से बेहतरीन स्थिति में थी। उन्होंने कहा कि जिस तरह विभिन्न प्रकार के वादों और विम शोज ने साहित्य को बांटकर साहित्य का नुकसान किया है, उसी तरह लघुकथाकारों के मठ बन जाने से लघुकथा का वह विकास नहीं हो पाया है, जिसकी वह हकदार थी। भारतीय ने माना कि बेशक पुस्तकों को अब पहले जितने पाठक नहीं मिल पा रहे हैं, लेकिन अच्छे साहित्य के पाठक आज भी हैं। उन्होंने माना कि लेखक दुनिया भर के शोषण पर लिखता है लेकिन जब खुद की पुस्तक छपवाने का समय आता है तो वह प्रकाशक के सामने खुद हाजिर हो जाता है शोषण करवाने के लिए कि भाई ले मेरी पांडुलिपि तू छाप और कमा। मुझे तो दस प्रतियां दे देना। यही काफी है। नए लेखकों को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि अच्छा लेखक बनना है तो अच्छा साहित्य पढ़ें। उन्होंने कुछ लघुकथाएं, कविताएं और हिंदी साहित्य पर एक आलेख भी पढ़ा। सचिव कृष्ण कुमार आशु ने भारतीय का परिचय दिया। मंच संचालन कार्यक्रम संयोजक संदेश त्यागी ने किया।

भारतीय को शॉल ओढ़ाई, सम्मान प्रतीक तथा पुस्तकें भेंट की 

इस मौके पर कमलेश भारतीय को सृजन साहित्य सम्मान प्रदान किया गया। उन्हें समाजसेवी विजय गोयल, साहित्यकार गोविंद शर्मा, मासूम गंगानगरी, लक्ष्मीनारायण सहगल एवं सृजन के अध्यक्ष डॉ. अरुण शहैरिया ताइर ने शॉल ओढ़ाकर, सम्मान प्रतीक तथा पुस्तकें भेंट करके सम्मानित किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एडवोकेट लक्ष्मीनारायण सहगल ने कहा कि पढ़ने से अभिव्यक्ति की धार मजबूत होती है। बात में वजन आता है। वकालत में रहते हुए एक अच्छे पाठक होने का उन्हें बहुत फायदा हुआ है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ व्यंग्यकार मासूम गंगानगरी ने माना कि क्षेत्र में बेहतर साहित्यिक माहौल बन रहा है।

News Source:
https://www.bhaskar.com/rajasthan/shriganganagar/news/latest-sriganganagar-news-063003-2102605.html