यह ब्लॉग खोजें

कृष्ण मनु लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कृष्ण मनु लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 22 दिसंबर 2019

लघुकथा बनाम कहानी | कृष्ण मनु

आजकल महज वार्तालाप , सपाट घटना वर्णन, चुटकुलेनुमा गद्याअंश जिससे कथातत्व सिरे से नदारत हो, को लघुकथा के शीर्षक तले लिखा और छापा जा रहा है। मैं यहां असहमत हूं। (इसी पोस्ट से )

- कृष्ण मनु

लघुकथा  बनाम कहानी 

वस्तुतः लघुकथा और कहानी कथाविधा की दो सगी बहनें  हैं -एक का विस्तार फलक काफी बड़ा है, दूसरी का बिल्कुल छोटा। एक अपने पात्र के पूरे जीवनचक्र घटनाओं प्रति घटनाओं की शृंखला के  माध्यम से व्यक्त करती है तो दूसरी अपने पात्र के साथ घटित एकमात्र हादसे (घटना) को इतने प्रभाव पूर्ण ढंग से प्रस्तुत करती है कि पाठक मन झंकृत हो उठता है।

एक कहानी में  कई लघुकथाएं शामिल हो सकती हैं जब कि एक लघुकथा  का विस्तार कर कहानी का रूप नहीं दिया जा सकता है।

कथा तत्व दोनो विधाओं में एक जैसा हैं। हां, प्रस्तुति/ट्रीटमेंट में भिन्नता हो सकती है। यह रचनाकार पर निर्भर है। कथाकार जहां कहानी की शुरुआत भूमिका सहित करते हुए धीरे-धीरे  कथा विस्तार करता जाता है, वहीं एक लघुकथा लेखक एक-ब-एक मूल बिंदु पर पहुंच जाता है।

अनावश्यक चित्रण,  वर्णन, भूमिका की गुंजाइश उसके (लघुकथा लेखक के) पास नहीं होती शब्द जाल मेंं पाठकों को उलझाना एक लघुकथा शिल्पी की प्रकृति में नहीं जबकि कहानीकार को खुली छूट है।

जैसा कि मैं ऊपर लिख चुका हूं कि 'कथा' का लघुकथा और कहानी दोनो मेें  समावेश है,अतएव मेरा व्यक्तिगत मानना है, लघुकथा में कथातत्व/कथानक अवश्य हो, जबकि आजकल महज वार्तालाप , सपाट घटना वर्णन, चुटकुलेनुमा गद्याअंश जिससे कथातत्व सिरे से नदारत हो, को लघुकथा के शीर्षक तले लिखा और छापा जा रहा है। मैं यहां असहमत हूं।

जहां तक  लघुकथा मेें शब्द सीमा निर्धारण का प्रश्न है, मैं इसके खिलाफ हूं। चूंकि लघुकथा का सृजन मात्र एक घटना-बिंदु के इर्दगिर्द बुने शब्दों से होता है, अतएव वह आवश्यक शब्द स्वतः निर्धारित कर लेता है। लेखक की अभिव्यक्ति पूर्ण हो जाती है। शब्द सीमा का निर्धारण सीधे-सीधे अभिव्यक्ति का गला घोंटना हुआ।

मान लीजिए आप  एक बिंदु और एक शून्य की आकृति दे रहे हैं तो बिंदु स्वतः खुद जितना चाहिए जगह ले लेगी और शून्य को जितनी जगह चाहिए वह स्वयं ग्रहण कर लेगा। हम आप जगह का निर्धारण करने वाले कौन होते हैं कि शून्य को इतनी जगह देनी है और बिंदु को इतनी।

- कृष्ण मनु

Source:
https://www.facebook.com/100004390897888/posts/1507622059394143/

शुक्रवार, 24 मई 2019

समीक्षा | परिंदे पत्रिका लघुकथा विशेषांक | समीक्षक: भगवती प्रसाद द्विवेदी


No photo description available.

पत्रिका : परिंदे (लघुकथा केन्द्रित अंक) फरवरी-मार्च'19 अ. सम्पादक : कृष्ण मनु
सं. : डॉ.शिवदान सिंह भदौरिया
79ए, दिलशाद गार्डन, नियर पोस्ट ऑफिस,
दिल्ली- 110095,
पृष्ठ संख्या : 116
मल्य- 40/-


लघुकथा अंक की प्रयोगधर्मिता 

क्षण मात्र की कथात्मक अभिव्यक्ति की अत्यंत प्रभावी विधा लघुकथा की लोकप्रियता और पठनीयता का आलम यह है कि आये दिन पत्रिकाओं के विधा केन्द्रित विशेषांक प्रकाशित होते रहते हैं पर अधिकतर विशेषांक संख्याबल और परिमाणात्मक दृष्टि से भले ही भारी भरकम प्रतीत होते हों, किंतु उनमें कोई नयापन नजर नहीं आता। इन सबसे उलट, जब कोई विधा केन्द्रित अंक बनी-बनाई लीक से अलग हटकर प्रकाशित होती है तो उसकी चर्चा लाजिमी हो जाती है।

ऐसा ही, लघुकथा पर केन्द्रित एक अंक प्रकाशित हुआ है साहित्य, संस्कृति एवं विचार की द्वैमासिक पत्रिका परिन्दे का , जो ग्यारहवें वर्ष के प्रथमांक(फरवरी-मार्च '2019) के रुप में आया है। लब्धप्रतिष्ठ लघुकथाकार कृष्ण मनु के अतिथि सम्पादन में छपे इस अंक में एक तरफ वैसे वरिष्ठतम रचनाकार हैं जो लघुकथा लेखन के पांच दशक पूरे कर चुके हैं, वहीं दूसरी ओर वैसी प्रतिभायें हैं जो पिछले पांच वर्षों से इस विधा में सृजनशील हैं। हर लघुकथाकार की पहली लघुकथा, प्रकाशन वर्ष तथा पत्रिका के नामोल्लेख के साथ प्रकाशित की गयी है। साथ ही , वर्ष 2018 में रची एक अद्यतन लघुकथा भी।

विशेषांक में शामिल हरेक लघुकथाकार के परिचय के साथ कुछ सवाल भी पूछे गये हैं, जैसे- अबतक कितनी लघुकथाएं लिखीं, पत्र-पत्रिकाओं के नाम जिनमें उनका प्रकाशन हुआ, लघुकथा लिखना कब से शुरु किया , लघुकथा आपकी प्रिय विधा क्यों है, लघुकथा के क्षेत्र में उपलब्धियां आदि।सन् 1970 से लघुकथा लिखते आ रहे 'विश्व लघुकथा कोश' के सम्पादक बलराम ने अपने साक्षात्कार में कहा है कि #कविता की जगह ले सकती है #लघुकथा। वरिष्ठ लेखक राम अवतार बैरवा का भी मानना है कि उज्ज्वल है लघुकथा का भविष्य। मगर अतिथि सम्पादक ने तल्ख हकीकत का बयान करते हुए लिखा है-' लघुकथा की पहचान बनाये रखनी है तो लिखते समय विषय का चयन सावधानी से करने की जरूरत। है।यहाँ एक बात रेखांकित करने योग्य है कि लघुकथा के प्रति पनप रही उपेक्षा का कारण लघुकथा लेखन में विषयों की आवृति से अधिक स्तरहीनता है। लघुकथा की तकनीक जाने बिना, लघुकथा के विषय में अल्प जानकारी रखते हुए दनादन सीधी सपाट लघुकथा लिखते जाना ही लघुकथा के प्रति ऊब का कारण बनता जा रहा है। विषय पुराने हों, लेकिन प्रस्तुति में नयापन, बुनावट में निपुणता, भाषा में कसावट और कथ्य में ताजगी हो तो पाठक के ऊबने/नकारने का प्रश्न ही पैदा नहीं होता।'

लघुकथाओं के चयन एवं सम्पादन में अतिथि सम्पादक की सतर्कता व पारखी दृष्टि स्पष्टतः परिलक्षित होती है। यही वजह है कि तिरसठ लघुकथाकारों की एक सौ छब्बीस लघुकथाओं के इस संचयन में ज्यादातर रचनायें अपनी छाप छोड़ने में काफी हद तक कामयाब हैं। लघुकथाकार की पहली लघुकथा भी उतनी ही प्रभावी है, जितनी आज की। यहाँ लघुकथाकारों की एक ही साथ तीन पीढ़ियां अपनी दमदार मौजूदगी का अहसास कराती हैं। आज के युगधर्म का आईना है यह संचयन। महिला लघुकथाकारों ने भी घर-आंगन की चहारदीवारी से बाहर निकलकर सामाजिक विसंगतियों , विद्रूपताओं को अपने कथ्य का विषय बनाया है। और ऐसी रचनाओं में आभा सिंह, डाॅ. आशा 'पुष्प', मंजु शर्मा, डाॅ. लता अग्रवाल, माला वर्मा, कृष्णलता यादव, डाॅ. शैल चंद्रा, इन्जी आशा शर्मा, कनक हरलालका, सविता मिश्रा 'अक्षजा', डाॅ.संध्या तिवारी आदि की लघुकथाएं प्रभावी बन पड़ी हैं।

अपने अनूठे कथ्य व शिल्प की मार्फत मानवीय संवेदना को झकझोरने वाले लघुकथाकारों में प्रमुख हैं- बलराम, कमलेश भारतीय, डाॅ.कमल चोपड़ा, कृष्ण मनु, अशोक भाटिया, सतीश राठी, अतुल मोहन प्रसाद, अंकुश्री, गोविन्द शर्मा, शराफत अली खान, कुंवर प्रेमिल, पवन शर्मा, डाॅ.रामकुमार घोटड़, संदीप तोमर आदि

अंक में खटकने वाली बात है भाषा-व्याकरण तथा प्रुफ की अशुद्धियां -ठीक सुस्वादु खीर में कंकड़ की तरह बतौर बानगी इन पंक्तियों के लेखक का जन्म वर्ष 1955 के बजाय 1995 मुद्रित है। जैसा कि सम्पादकीय में जिक्र है, इस विशेषांक के पुस्तकाकार प्रकाशन की भी योजना है। अतः पुस्तक प्रकाशन के पूर्व अशुद्धियों का शोधन-परिमार्जन अपेक्षित है।

विश्वास है, साहित्य, संस्कृति एवं विचार के स्तर पर 'परिंदे' की यह लघुकथा-केन्द्रित उड़ान सुधी पाठकों को कभी चमत्कृत करेगी, कभी अभिभूत करेगी तो कभी अंतर्मन को आईना भी दिखाएगी।

अतिथि संपादक कृष्ण मनु के साथ ही 'परिंदे' के सम्पादक डॉ. शिवदान सिंह भदौरिया तथा कार्यकारी सम्पादक ठाकुर प्रसाद चौबे भी बधाई के पात्र हैं।

समीक्षक- भगवती प्रसाद द्विवेदी
सम्पर्क : 9430600958