यह ब्लॉग खोजें

बुधवार, 20 फ़रवरी 2019

"लघुकथा कलश" के चौथे अंक (जुलाई-दिसम्बर 2019) हेतु रचनाएँ आमंत्रित

श्री योगराज प्रभाकर जी की फेसबुक वॉल से 

आदरणीय साथिओ
.
"लघुकथा कलश" का चौथा अंक (जुलाई-दिसम्बर 2019) "रचना प्रक्रिया विशेषांक" होगा जिस हेतु रचनाएँ आमंत्रित हैंI आपसे सविनय निवेदन है कि आप अपनी दो चुनिंदा/पसंदीदा लघुकथाएँ भेजेंl इन लघुकथाओं के साथ ही इनकी रचना प्रक्रिया पर एक विस्तृत आलेख भी भेजेंl उस आलेख में इस बात का उल्लेख करें कि लघुकथा का कथानक कैसे सूझाl क्या यह कथानक किसी घटना को देखने/सुनने के बाद सूझा या कि कुछ पढ़ते हुए अथवा किसी विचार से इसकी उत्पत्ति हुईl इसके बाद रचना की प्रथम रूपरेखा क्या बनी तथा रचना पूर्ण होने तक उसमे क्या-क्या परिवर्तन किए गएl शीर्षक के चुनाव पर भी रौशनी डालेंl इसके अतिरिक्त रचना प्रक्रिया से सम्बंधित आलेख,साक्षात्कार, संस्मरण व परिचर्चा आदि का भी स्वागत हैl 
.
- केवल ईमेल द्वारा प्रेषित रचनाएँ ही स्वीकार्य होंगीl
- केवल यूनिकोड फॉण्ट में टंकित रचनाएँ ही स्वीकार्य होंगीl 
- रचनाएँ yrprabhakar@gmail.com पर मेल करेंl
- रचनाएँ भेजने की अंतिम तिथि 31-03-2019 हैl 
.
योगराज प्रभाकर 
संपादक: "लघुकथा कलश"
चलभाष 98725-68228

मंगलवार, 19 फ़रवरी 2019

पुस्तक समीक्षा | आस-पास से गुजरते हुए | खेमकरण 'सोमन'


Image may contain: text
लघुकथा-संकलन: आस-पास से गुजरते हुए:
संपादक: सुश्री ज्योत्स्ना 'कपिल' एवं डॉ. उपमा शर्मा
समीक्षक: खेमकरण 'सोमन'

सहजता  एवं गंभीरतापूर्वक कुछ सोचना और उसे जमीनी आकार देना, निस्संदेह बहुत कठिन कार्य है।
यही अनुभूति व्यक्ति को पुनः सहज, गम्भीर और कर्तव्यनिष्ठ बनाती है।

चूंकि विमर्श मुझे साहित्य पर करना है, और साहित्य में भी विशेषकर लघुकथा विधा पर! अतः लघुकथा के संदर्भ में विमर्श को आगे बढ़ाऊँ तो... यही सहजता, गंभीरता और पारखी दृष्टि मुझे सुकेश साहनी, मधुदीप, बलराम, बलराम अग्रवाल, डॉ. सतीश दुबे, भगीरथ, रामेश्वर काम्बोज हिमांशु, डॉ.अशोक भाटिया, डॉ. सतीशराज पुष्करणा, कमलेश भारतीय, डॉ. उमेश महादोषी और कमल चोपड़ा इत्यादि मुख्यधारा के अन्य लघुकथा लेखकों में दिखती हैं।

इनके अतिरिक्त लघुकथा-वृत पर सैकड़ों लघुकथा लेखिकाओं का उभार भी गौरवान्वित प्रदान करता हैं! यह सुखद प्रतीति है कि वर्तमान में एक साथ सैकड़ों लेखिकाएँ लघुकथा लिख रही हैं। और...अपनी आलोचना से बेपरवाह, बेफिक्र और निश्चिंत होकर लिख रही हैं। यद्यपि कुछ, विशेषकर नए लघुकथा लेखक-लेखिकाएँ तो अपनी आलोचना से भयभीत व चिंतित भी हो उठते हैं तथापि वे लिख रहे हैं। उन्हें यह मिथक तोड़ना ही होगा कि आलोचना उनके लिए घातक है अथवा उनकी शत्रु है।

बहरहाल लघुकथा लेखन में स्त्री दृष्टि की निरंतर सक्रियता अत्यधिक सुखद है। वे लघुकथा लेखन के साथ कुशलतापूर्वक संपादन-कार्य भी कर रही हैं।कांता राय इसी प्रकार की डायनेमिक लघुकथा लेखिका हैं और संपादक भी। लघुकथा के उन्नयन हेतु उनमें सहजता, शालीनता, गंभीरता और उन्मुक्त उड़ान आदि सब कुछ का समावेश हैं।

उपरोक्त यही सब कुछ मुझे युवा लघुकथा लेखिका ज्योत्स्ना 'कपिल' और डॉ. उपमा शर्मा के लिए लगा, जब उनके संपादन में लघुकथा-संकलन 'आसपास से गुजरते हुए' मेरे हाथों में आया।

लघुकथा-संकलन को पढ़ते हुए लगा कि जब एक सौ चौबीस लेखक एक साथ आस-पास से गुजरेंगे तो 'आसपास से गुजरते हुए' वे बहुत कुछ ऐसा अवश्य ही रेखांकित करेंगे, जिसे सामान्यजन जीवनपर्यंत भी रेखांकित नहीं कर पाते।

इस संदर्भ में लघुकथा लेखकों ने निस्संदेह बड़ी सीमा तक सफलता भी प्राप्त की हैं। लघुकथाओं से गुजरते हुए विभिन्न आस्वाद की इन लघुकथाओं ने मेरा मनोरंजन ही नहीं किया अपितु मुझ अबोध को बहुत गहरे तक बोधित भी किया। तो साहित्य का यह कार्य भी है कि वह मनोरंजन के साथ-साथ पाठकों को बोधित भी करता है।

बोधित होने के पश्चात मैंने सोचा कि समय बदलने के साथ मध्यम वर्ग के लिए अब बासी खाने की महत्ता भी बदल गई है, लेकिन यह वर्ग भलीभांति जानता है कि निम्न वर्ग के लिए बासी खाने की महत्ता अभी भी वही है। इसके उदाहरण के रूप में अंजलि गुप्ता की लघुकथा 'उत्तर' प्रस्तुत है। उत्तर जैसा सामान्य शीर्षक छोड़ दिया जाए तो अंजलि गुप्ता अपने दोनों बाल पात्रों स्वीटी, मोहन और डिश कस्टर्ड (दूध,अंडा और चीनी मिलाकर बनी मीठी पीली खीर) के माध्यम से अपनी प्रस्तुति देने में पूर्णतः सफल हुई हैं।

लघुकथा-संकलन को पढ़ते हुए मुझे अमरीकी मनोवैज्ञानिक और शिक्षक स्टैनली हॉल की भी याद आई। उन्होंने किशोरों के विषय में कहा है कि किशोरावस्था बहुत द्वंदयुक्त, तनावयुक्त और संघर्षयुक्त होता है। ऐसे समय में घर में यदि किशोर है तो उसका विशेष ध्यान रखा जाए। दीपक मशाल की लघुकथा 'सयाना होने के दौरान' इसी द्वंद को बहुत व्यावहारिक रूप प्रदान करती है।

जब दीपक मशाल की चर्चा आ गई है तो यह चर्चा भी कर दी जाए कि वे भी बहुत सहजता और गंभीरता से लिखने वाले सदाबहार लघुकथाकार हैं। मुझे इसलिए भी मशाल की लघुकथाएँ बहुत पसंद हैं।

लघुकथा-संकलन 'आसपास से गुजरते हुए' की भूमिका 'संरचना' के सम्पादक डॉ. कमल चोपड़ा ने और लिखी है और फ्लैप रामेश्वर काम्बोज 'हिमांशु' ने। दोनों के संदर्भ में मुझे यही कहना है कि दोनों लघुकथाकार, समकालीन लघुकथा के परिदृश्य पर निरंतर सक्रिय हैं; और दोनों ने हिंदी लघुकथा को बेहतरीन लघुकथाएँ भी दी हैं।

ऐसे में नवोदित लघुकथा लेखकों की 124 लघुकथाओं की पोटली इनके पास ले जाने का व्यावहारिक प्रयास और साहस, संपादक द्वय ज्योत्स्ना 'कपिल' और डॉ. उपमा शर्मा को बधाई और शुभकामनाएँ देने के लिए बाध्य करते हैं। दोनों लघुकथाकारों ने भूमिका और फ्लैप पर जो भी लिखा, उनसे भी सहमत हुआ जा सकता है।

इसलिए भी वरिष्ठ लघुकथा लेखकों का हाथ और साथ गरिमापूर्ण स्थिति के निर्वहन तक नवोदितों के लिए बहुत आवश्यक है। ऐसा कहने के पीछे लघुकथा संबंधी मेरे कई आयाम हैं। तभी स्तरीय लघुकथा प्रकाशित होंगी और आलोचना पक्ष भी अपने पैरों पर खड़ा हो सकेगा। नए लेखक क्या-क्या लिख रहे हैं या पहल कर रहे हैं... ये सब पुराने लेखकों को भी ज्ञात-व्यात होता रहेगा।

फिलवक्त वैश्वीकरण के कारण साँस्कृतिक आदान-प्रदान की प्रक्रिया भी बहुत तीव्र हुई है। बहुत सारे क्षेत्रीय तीज-त्योहारों ने ध्यान आकर्षित किया है। संभवतः इसलिए भी ये सब लघुकथा की विषयवस्तु बन रहे हैं। इस क्रम में विरेंदर 'वीर' मेहता की लघुकथा 'मोह-जाल' लोक आस्था का महापर्व छठ पर केंद्रित है। यह बहुत अच्छी लघुकथा है। काश...वे इसके शीर्षक और पात्रों के नाम पर कुछ और चिंतन-मनन कर पाते! क्योंकि लघुकथा में जब तक बिप्ति, बन्नू, पन्नू, चुन्नू और मुन्नू आदि नाम के पात्र परिदृश्य पर रहेंगे, लघुकथा जगत को कालजयी पात्र मिलने से रहे। लघुकथा लेखक यदि गंभीरता से सोचें तो वे पाएँगे कि लघुकथा की प्रवृत्ति स्वयं ही बता देती है कि उसे किस-किस प्रकार के पात्र चाहिए।

फिर दूसरा यह कि या तो लघुकथा लेखक अपना प्रस्तुतीकरण ऐसा दें कि उपरोक्त पात्रगत संबंधी विचार मुझ सहित किसी अन्य के मन में कदापि उत्पन्न न हों।

इस लघुकथा-संकलन की अधिकांश सम्भावनाएँ मुझे यदा-कदा कई लघुकथा संकलन या विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में दिखती रही हैं। इनमें विभा रश्मि, नीलिमा शर्मा, कुणाल शर्मा, मार्टिन जॉन, रवि प्रभाकर, डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी, शोभा रस्तोगी,अर्चना तिवारी, डॉ. संध्या तिवारी, मुन्नूलाल और त्रिलोक सिंह ठकुरेला, दीपक मशाल, मुन्नूलाल, डॉ. लवकेश दत्त और कांता राय को तो निरंतर पढ़ता रहा हूँ।

इनके अतिरिक्त दूसरे कई नए लघुकथा लेखकों को पढ़कर भी मैं बहुत-बहुत अनुभूत हुआ कि इन्होंने भी लघुकथा की नसें लगभग पकड़ ही ली हैं।
इनमें नयना आरती कानिटकर की लघुकथा 'उमड़ते आँसू',
नरेंद्र सिंह 'आरव' की लघुकथा 'फ़र्ज',
डॉ. विनीता राहुरिकर की 'दोषी',
रश्मि तरीका की खूबसूरत प्रस्तुति 'घाव',
सुषमा गुप्ता की लघुकथा 'वर्तमान का दंश',
किरण पांचाल की लघुकथा 'हिस्सा',
कमल नारायण मेहरोत्रा की लघुकथा 'दृढ़ निश्चय',
संजीव आहूजा की लघुकथा 'झूठी खुशियाँ',
शब्द मसीहा की लघुकथा 'इंसानी बीमारी',
रेखा मोहन की लघुकथा 'कसूरवार' उल्लेखनीय हैं।

विदित हो कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में आतंकी हमले से सेना के 45 से अधिक जवान शहीद हो गए। इस प्रकार यह क्षण तब से ही सम्पूर्ण देश के लिए बहुत दुखदायी है। शहीद सैनिकों के परिवार पर क्या बीत रही होगी? सोचता हूँ तो आंतरिक बेचैनी से भर उठता हूँ। इस संदर्भ में भारती सिंह की लघुकथा 'तीज' बहुत प्रासंगिक और विचारणीय है। लघुकथा का शिल्प भी प्रशंसनीय है।

इस संकलन में 'लघुकथा कलश' के सम्पादक योगराज प्रभाकर की लघुकथा भी है। यकीनन... वे लघुकथा की सम्पूर्ण और बहुत भारी-भरकम पत्रिका निकालकर कमाल किए जा रहे हैं। परंतु नवोदितों के बीच में उन्हें देखकर कुछ-कुछ विस्मय से भर उठा मैं, बहरहाल... उनकी लघुकथा 'पेट' गरीबी, विद्रूपता और इससे उपजी समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करती हैं। पेट और सम्मान की चिंता सबको है। अच्छा होता समग्र आधुनिक मानव समाज इस मनोवैज्ञानिक को समझ पाता।

संपादक द्वय में एक डॉ. उपमा शर्मा प्रमुखतः दंत चिकित्सक है, परंतु दंत चिकित्सक होने के उपरांत भी यह प्रीतिकर है कि वे निरंतर लिख रही हैं।
इस लघुकथा-संकलन का हिस्सा बनी उनकी लघुकथा 'हिजड़ा' मुख्यतः थर्ड जेंडर/ ट्रांसजेंडर पर आधारित नहीं है। अपितु जब व्यक्ति सक्षम होकर भी अपनी अक्षमता का परिचय दे तो बहुधा वही कहा जाता है जो उपमा शर्मा की लघुकथा का शीर्षक है।
भारतीय समाज में यह शब्द गाली के रूप में भी बहुधा उपयोग किया जाता रहा है। आत्मकथा शैली में लिखी गई डॉ. उपमा की यह लघुकथा काम-पिपासुओं द्वारा एक पागल लड़की के शिकार बनाने की पृष्ठभूमि पर आधारित है, और नायक 'मैं' उसे न बचा पाने के अपराधबोध और द्वंद्व में स्वयं को धिक्कारता पाता है। लघुकथा का शीर्षक सांकेतिक हैं।

समाज में कामगार स्त्रियों की स्थिति सदैव चिंतनीय रही है। यद्यपि इसमें कोई संशय नहीं कि मुक्त अर्थव्यवस्था के फलस्वरूप सामाजिक-साँस्कृतिक परिवर्तन की गति तीव्र हुई है और स्त्रियों की आजादी में विस्तार भी, परंतु स्त्रियाँ घर, परिवार अथवा कार्यस्थल जहाँ भी हैं, वहाँ अभी भी सुरक्षित नहीं।
ज्योत्स्ना 'कपिल' की 'कब तक' इसी विमर्श को ऊँचाई प्रदान करती बहुत कसी हुई स्तरीय लघुकथा है।
यह लघुकथा पाठकों, सहृदयों और लेखकों, लघुकथाकारों और निष्ठुर समाज से यह अपेक्षा रखती है कि स्त्री को शारीरिक/मांसल/ देह की अपेक्षा उन्हें जीवविज्ञान एवं मनोवैज्ञानिक दृष्टि से देखा जाए। उन्हें इनसानी जीव माना जाए।
परंतु ऐसा न होने के कारण लघुकथा नायिका आशिमा, जो कि नर्स है, जिला अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा फ्लर्ट, डबल मीनिंग वाले मजाक से इसलिए भी चिंतित रहती है। लघुकथा में भाषाई ताजगी और संवेदना, दोनों निहित हैं।

इस प्रकार ज्योत्स्ना 'कपिल' की लघुकथा यथार्थ की कई परतों को उघाड़ती है। लघुकथा का शिल्प, पूर्णतः लघुकथा का है, लेकिन मुझे प्रतीत होता रहा कि लघुकथा का परंपरागत शीर्षक लघुकथा के साथ अन्याय कर रहा है।

इस तरह 'आसपास से गुजरते हुए' अच्छा लघुकथा- संकलन बन पड़ा है। इसमें ऐसे कई लघुकथा लेखक और लघुकथाएँ हैं जिनका उल्लेख मैं चाहकर भी नहीं कर पाया। इसका कारण यह है कि एक तो संकलन में लघुकथाएँ अत्यधिक हैं, दूसरा यह कि मुझमें वह आलोचना कौशल नहीं, अतः सबको एकसूत्र में पिरोना अभी सीख नहीं पाया हूँ।

और अंत में यह कि लघुकथा-संकलन के फ्लैप पर रामेश्वर काम्बोज 'हिमांशु' के लिखे शब्दों में कहूँ तो "ज्योत्स्ना 'कपिल' और डॉ. उपमा शर्मा ने संपादन का यह श्रमसाध्य कार्य ईमानदारी से पूरा किया है।" अयन प्रकाशन दिल्ली से प्रकाशित इस संकलन के लिए संपादक द्वय को पुनः बधाई।

(स्त्री विमर्शकार, आलोचक, कवयित्री, कथाकार और 'कथादेश' की परम सहयोगी अर्चना वर्मा जी अब हमारे बीच नहीं हैं। हिंदी समाज-साहित्य की यह बहुत बड़ी क्षति है। उन्हें नमन।)

संपर्क:-
द्वारा श्री बुलकी साहनी, प्रथम कुंज, अम्बिका विहार, ग्राम व पोस्ट-भूरारानी, रुद्रपुर, जिला- उधम सिंह नगर, उत्तराखंड-263153

सोमवार, 18 फ़रवरी 2019

लघुकथा समाचार: साहित्य सभा कैथल एवं हरियाणा प्रादेशिक लघुकथा मंच की कैथल इकाई के संयुक्त तत्वावधान में लघुकथा गोष्ठी

Dainik Bhaskar | Feb 18, 2019

आरकेएसडी कॉलेज शिक्षण महाविद्यालय में आज साहित्य सभा कैथल एवं हरियाणा प्रादेशिक लघुकथा मंच की कैथल इकाई के संयुक्त तत्वावधान में एक कविता एवं लघुकथा गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें सिरसा से पधारे साहित्यकार रूप देवगुण ने बतौर मुख्य अतिथि, कुरुक्षेत्र से पधारे साहित्यकार रामकुमार अत्रे ने अध्यक्ष रूप में एवं डॉ कमलेश संधू ने विशिष्ट अतिथि की भूमिका निभाई। गोष्ठी का संचालन रिसाल जांगड़ा एवं डॉ प्रदुम्न भल्ला ने संयुक्त रूप से किया। साहित्य की सशक्त विधा लघुकथा एवं कविता को समर्पित इस गोष्ठी में 12 लघुकथा लेखकों ने अपनी लघुकथाओं का पाठ किया। जिन पर वरिष्ठ समीक्षक रूप देवगुण, रामकुमार आत्रेय, अमृत लाल मदान ने संक्षिप्त टिप्पणियां की। इनके अतिरिक्त रूप देवगुण की दो पुस्तकों का विमोचन भी हुआ। जिसमें एक पुस्तक उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित, रूप देवगुण को जैसा हमने जाना एवं दूसरी पुस्तक हरियाणा की प्रतिनिधि लघु कविता, संपादन रूप देवगुण शामिल थी। काव्य गोष्ठी का आरंभ राजेश भारती की कविता मां जादूगर से हुआ। रामफल गौड़ ने अपनी पंक्तियों के माध्यम से सबका ध्यान खींचा, चाल है हर दम नारी, फिर भी जीना से लाचारी जीना से लाचारी। शमशेर कैंदल ने कहा, राजनीति विकराल हो गई, जोड़-तोड़ का जंजाल हो गई। गुहला से पधारे चेतन चौहान ने कहा हमको यही सिला मिला है बातचीत का, ताबूत फिर आ गया है घर पे मीत का। डा. प्रदुम्न भल्ला ने कहा नहीं भूलती हैं तुम्हारी वफाएं, बख्शी हैं तुमने हमारी खताएं। रामकुमार अत्रे के शब्द कुछ यूं रहे, लड़कियां अंधेरे तहखानों में खुलती खिड़कियां होती हैं। डा. कमलेश संधू ने कहा सरहदों की आंधी, चिरागों को बुझा रही है।

News Source:
https://www.bhaskar.com/harayana/kaithal/news/haryana-news-39we-have-got-this-bag-the-coffin-of-the-conversation-has-come-again39-024053-3928610.html

रविवार, 17 फ़रवरी 2019

पुस्तक समीक्षा | माँ पर केंद्रित 101 लघुकथाएं | राजकुमार निजात | समीक्षा : कृष्णलता यादव



लघुकथाओं में ममता की हृदयस्पर्शी आभा

पुस्तक : माँ पर केंद्रित 101 लघुकथाएं
लेखक : राजकुमार निजात 
प्रकाशक : समर प्रकाशन, जयपुर 
पृष्ठ संख्या : 224 
मूल्य : रु.200
समीक्षा : कृष्णलता यादव 

समीक्ष्य कृति ‘मां पर केंद्रित 101 लघुकथाएं’, बहुचर्चित व्यक्तित्व राजकुमार निजात का सद्य प्रकाशित लघुकथा संग्रह है। इनमें मां, दादी और परदादी की गरिमामयी उपस्थिति दर्ज़ हुई है। स्वयं लेखक के शब्दों में– अनेकानेक विषयों को लेकर बेशक सैकड़ों लघुकथा-संग्रह व संकलन प्रकाश में आए हैं लेकिन मां को लेकर एक समग्र लघुकथा-संग्रह अभी तक प्रकाश में नहीं आया है।

इन लघुकथाओं में लेखक मां के हृदय की सूक्ष्म से सूक्ष्म तरंग को संवेदना की बांधनी से बांधने में सफल रहे हैं, कुछ इस प्रकार से कि कुपुत्र पढ़े तो उसके दिलो-दिमाग में भी बिजली-सी कौंधे कि क्या मेरी मां भी इतनी ही उदारदिल है? निश्चय ही, उसे उत्तर ‘हां’ में मिलेगा। फलस्वरूप एक चाह कुलबुलाएगी और उसे खींच ले जाएगी, भुला-बिसरा दी गई मां की गोद में। सामूहिक चिंतन-मनन के लिए चंद ज्वलंत प्रश्न उभरकर आए हैं यथा वात्सल्य से भरपूर मां के लिए संतान के पास समय क्यों नहीं होता? क्या संतान के लिए बिजनेस ही सब कुछ है? मूल स्वर यह कि मां के पवित्र रिश्ते के प्रति जो जीवन मूल्य कहीं खो गए हैं, उनकी पुनर्स्थापना हो।
मां के ममतालु सागर की उत्ताल तरंगों संग पाठक अठखेलियां करता है। अपनी संतान के लिए मां गर्भनाल से लेकर अपना वंश चलने तक अन्नपूर्णा की भूमिका निभाती रहती है। इसलिए कहा है– आज तक कौन चुका सका है, मां के अहसान। ‘मां के प्यार को कभी आंकना मत, हार जाओगे,’ उक्ति मर्म को छूती है। मां प्रत्याशा नहीं जानती। वह हर हाल में खुश है; उसकी खुशी बेमिसाल है। संतान को यह समझ आना बड़ी बात है कि मां के आशीषों में सर्वस्व समाया है। यदि इनसे झोली भर जाए तो दुनिया की सारी दौलत बेमानी हो जाती है।
भले ही लघुकथा विशेषज्ञ कुछ लघुकथाओं के शिल्प, कलेवर, शीर्षक चयन, वाक्य विन्यास, कथानक की गत्यात्मकता, काल दोष को लेकर नाक-भौं सिकोड़ें परन्तु भावों की रमणीयता इन पर भारी पड़ती है।

Source:
https://www.dainiktribuneonline.com/2019/02/%E0%A4%B2%E0%A4%98%E0%A5%81%E0%A4%95%E0%A4%A5%E0%A4%BE%E0%A4%93%E0%A4%82-%E0%A4%AE%E0%A5%87%E0%A4%82-%E0%A4%AE%E0%A4%AE%E0%A4%A4%E0%A4%BE-%E0%A4%95%E0%A5%80-%E0%A4%B9%E0%A5%83%E0%A4%A6%E0%A4%AF/
Posted On February - 17 - 2019

शुक्रवार, 15 फ़रवरी 2019

गर्व (लघुकथा)

पुलवामा में शहीद हुए सैनिकों की स्मृति में

साथियों बहुत दुखी मन से लिख रहा हू, कल पुलवामा में जिस तरह हमारे जवानों पर हमला किया गया, वह कृत्य निंदनीय ही नहीं बल्कि बदला लेने के योग्य है। यह लघुकथा कहते हुए कितनी ही बार आँसू आए और कितनी ही बार सूख भी गए। शहीद जवानों को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि देते हुए समर्पित...

गर्व (लघुकथा)


पूरे देश की जनता के रक्त में उबाल आ रहा था। एक आतंकवादी ने 200 किलोग्राम विस्फोटक एक कार में रखकर सेना के जवानों से भरी बस से वह कार टकरा दी और देश के 40 सैनिक शहीद हो गए थे।

सेना के हस्पताल में भी हड़कंप सा मच गया था। अपने दूसरे साथियों की तरह एक मेजर जिसके जवान भी शहीद हुए थे, बदहवास सा अपने सैनिकों को देखने हस्पताल के कभी एक बेड पर तो कभी दूसरे बेड पर दौड़ रहा था, अधिकतर को जीवित ना पाकर वह व्याकुल भी था। दूर से एक बेड पर लेटे सैनिक की आँखें खुली देखकर वह भागता हुआ उसके पास डॉक्टर को लेकर पहुंचा। डॉक्टर उस सैनिक की जाँच ही रहा था कि वह सैनिक अपने मेजर को देखकर मुस्कुराया। मेजर उसके हाथ को सहलाते हुए बोला, "जल्दी ठीक हो जाओ, सेना को तुम्हारी जरूरत है, अभी हमें बहुत कामयाबियाँ साथ देखनी हैं।"

कुछ समय पहले से ही होश में आया वह सैनिक आसपास हो रही बातों को भी सुन चुका था, वह फिर मुस्कुराया और इस बार उसकी मुस्कुराहट में गर्व भरा था। उसी अंदाज़ में वह सैनिक बोला, "सर... हम तो कामयाब हो गए... हमें दुश्मन का 200 किलो आरडीएक्स... बर्बाद करने में... कामयाबी मिली है।"

और मेजर के आँखों में भी गर्व आ गया


- डॉ. चंद्रेश कुमार छ्तलानी