यह ब्लॉग खोजें

भूख लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
भूख लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 8 अक्तूबर 2024

वैश्विक सरोकार की लघुकथाएं । भाग 2 । भूख पर लघुकथा सर्जन

आदरणीय मित्रों,

वैश्विक मुद्दों पर लघुकथा सर्जन में, हमें वैश्विक मुद्दों को तलाशना आवश्यक है। ईश्वर भूखा जगाता है लेकिन भूखा सुलाता नहीं, यह बात इस मायने में सही है कि, जो भूखा होगा उसे नींद ही नहीं आएगी। आज सबसे बड़े मुद्दों में एक भूख एक गंभीर वैश्विक मुद्दा है जो दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रभावित करता है। साहित्यकारों का दायित्व है कि इस पर सर्जन किया जाए। किसी भी सर्जन से पहले विषय की जानकारी और सामयिक स्थिति को गहराई से जानना भी ज़रूरी है। अतः इस मुद्दे पर थोड़ी जानकारी प्रेषित कर, एक लघुकथा आपके समक्ष प्रस्तुत कर रहा हूं।

भूख के कुछ कारणों में गरीबी, जलवायु परिवर्तन और अपर्याप्त कृषि प्रणालियां शामिल हैं। भूख के मामलों में उप-सहारा अफ्रीका और एशिया के कुछ हिस्से विशेष रूप से असुरक्षित हैं, क्योंकि सूखे और बाढ़ जैसी घटनाएँ खाद्य उत्पादन को बाधित करती हैं। उदाहरण के लिए, सोमालिया ने भयंकर सूखे का सामना किया है, जिससे लाखों लोग विस्थापित हुए हैं और लोगों को जीवित रहने के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ा है। इसी तरह, दक्षिण सूडान में, वर्षों के गृहयुद्ध ने कृषि के बुनियादी ढांचे को नष्ट कर दिया है, जिससे भूख एक बड़ी और सतत समस्या बन गई है। कुल मिलाकर संपूर्ण विश्व को भूख की समस्या संबोधित करने के लिए एक साथ मिलकर कार्रवाई की आवश्यकता है।

दुनिया के कुछ अन्य हिस्सों में, भूख एक छिपी हुई समस्या भी है। वेनेजुएला में, आर्थिक अस्थिरता ने खाद्य कमी कर दी है, जिसमें कई परिवार बुनियादी आवश्यकताओं को वहन करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस बीच, भारत में, समग्र आर्थिक विकास के बावजूद, बिहार और झारखंड जैसे कुछ क्षेत्रों में खाद्य असुरक्षा का उच्च स्तर का अनुभव होता है, विशेष रूप से वंचित समुदायों में। विकसित और विकासशील दोनों देशों में, खाद्य असुरक्षा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से हो सकती है, यह दर्शाता है कि भूख किसी एक विशिष्ट क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक वैश्विक चुनौती है जिसके लिए व्यापक समाधान की आवश्यकता है।

ग्लोबल हंगर इंडेक्स (GHI) वैश्विक, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर भूख को मापने और ट्रैक करने के लिए डिज़ाइन किया गया एक उपकरण है। इसकी गणना "कुपोषण, बाल दुर्बलता, बाल बौनापन और बाल मृत्यु दर" जैसे संकेतकों के आधार पर की जाती है। इन सभी पर रचनाकर्म किया जा सकता है। उच्च GHI स्कोर वाले देश कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जैसा कि चाड और मेडागास्कर जैसे देशों में देखा गया है, जहां लगातार गरीबी और पर्यावरणीय गिरावट खाद्य कमी को बढ़ा रही है। 

संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDG 2) का हिस्सा, "शून्य भूख" का लक्ष्य 2030 तक भूख की समस्या को खत्म करना है। यह लक्ष्य खाद्य सुरक्षा, पोषण में सुधार और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। यह न केवल भोजन की मात्रा को संबोधित कर रहा है, बल्कि इसकी गुणवत्ता, पहुंच और दीर्घकालिक स्थिरता पर भी आधारित है। इस लक्ष्य के प्रयासों में कृषि उत्पादकता में निवेश बढ़ाना, खाद्य प्रणालियों में सुधार करना और यह सुनिश्चित करना शामिल है कि वंचित समुदायों को पौष्टिक भोजन मिले। यह स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक विकास से निकटता से जुड़ा हुआ है।

भूख पर आधारित आदरणीया कनक हरलालका जी की एक रचना यहां प्रेषित कर रहा हूं। 

मौसम और भूख / कनक हरलालका

सुबह सुबह की कड़कड़ाती ठंड में रजाई से निकलने का मन तो नहीं था, पर कॉलबेल की आवाज सुनकर दरवाजा खोलने के लिए उठना ही पड़ा। सामने वही मजदूर खड़ा था जिसे उसने दो दिन के लिए अपने एक मित्र से कहकर बुलवा रखा था। आंगन के सामने वाले छज्जे की ऊपरी दीवार ठीक करवानी थी। नदी पार की ठंडी हवा सीधे आंगन में मार करती थी। बढ़ते जाड़े से बचने के सभी जतन जरूरी थे।

 "अर्रे इतनी सुबह इतनी ठण्ड में काम पर आ भी गए ?"

"जी, आप काम बतला दें। कुछ पैसे मिल जाएं तो शाम जाकर चूल्हे में आग तो जले।"

"पर इतनी सुबह? इतने ठंडे मौसम में? जरा सूरज को गरम हो जाने दिया होता तो कम से कम हाथ पांव के जोड़ तो खुल जाते।"

"मालिक भूख का कोई मौसम नहीं होता है। पेट की आग गर्मी पंहुचा देती है।"

-कनक हरलालका

-0-

- चंद्रेश कुमार छ्तलानी