यह ब्लॉग खोजें

शोधोपयोगी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
शोधोपयोगी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 16 फ़रवरी 2020

शोधकार्य: मेरी कमज़ोर लघुकथा


लघुकथा दुनिया
iBlogger द्वारा Best Indian Hindi Blog से सम्मानित
ब्लॉगर ऑफ द ईयर 2019 का सम्मान प्राप्त
Email: laghukathaduniya@gmail.com, URL: http://laghukathaduniya.blogspot.com
Cell-Phone: 9928544749





सम्माननीय साहित्यकार,
सादर नमस्कार।

आप सभी के महती सहयोग से लघुकथा दुनिया द्वारा लघुकथा पर दो शोधकार्य सम्पन्न किये गये हैं। पहला कार्य लघुकथा के शीर्षक पर लघुकथा लेखकों के दृष्टिकोण, जिसके आधार पर एक शोध पत्र लिखा गया है और प्रकाशन के लिये भेज दिया गया है। दूसरा 'लघुकथा 2020: नए लेखकों की नज़र में', जिसका संकलन कार्य समाप्त हो चुका है और योगराज प्रभाकर जी सर के पास विश्लेषण हेतु भेजा गया है। इनमें सहयोग हेतु आप सभी का हृदय से आभारी हूँ। इसी क्रम को आगे बढाते हुए एक और शोध योजना प्रस्तावित है। आप सभी से निवेदन है कि इसे भी सफल बनावें। यह योजना कुछ इस प्रकार हैः

1. 'मेरी कमज़ोर लघुकथा' नामक यह योजना वरिष्ठ तथा नवोदित दोनों के लिए ही है।

2. इस कार्य में लघुकथा लेखकों से उनकी स्वयं की एक ऐसी रचना देने का निवेदन है जो उनके अनुसार लघुकथा के किसी न किसी (एक अथवा अधिक) पक्ष/पक्षों में कमज़ोर है और जिसे उसी (उन्हीं) कमज़ोरी (कमज़ोरियों) की वजह से प्रकाशित होने नहीं भेजा। उस रचना विशेष को किस वर्ष में लिखने का प्रयास किया गया, यह भी साथ में देवें।

3. रचना के साथ लेखक से एक वक्तव्य भी लिख कर देने का निवेदन है, जिसमें वे अपनी उस लघुकथा की कमज़ोरी/कमजोरियों को इंगित करें। इस हेतु शब्द सीमा आदि लेखक स्वयं ही निर्धारित करें।

4. वरिष्ठ लेखकों से इसमें जुड़ने का विशेष आग्रह है क्योंकि मेरे संज्ञान में अब तक इस विषय पर कार्य नहीं हुआ है, अतः वरिष्ठ लेखकों के अनुभव का लाभ प्राप्त हो तो अति उत्तम।

कार्य का आधार: 

इस प्रस्ताव का आधार यह है कि (कुछ अपवादों को छोड़कर) लगभग हर लेखक/लेखिका ने अपनी कोई न कोई रचना खुद ही रिजेक्ट की है। वे रचनाएं कैसी हैं और लेखक/लेखिका द्वारा उन्हें रिजेक्ट क्यों किया गया है, यह जानने की जिज्ञासा ही इस शोध का आधार बनी है।

कार्य का उद्देश्यः
उपरोक्त विवरण पढ़ने के बाद आप समझ ही गए होंगे कि इस कार्य का मुख्य उद्देश्य यह ज्ञात करना है कि लघुकथा लेखन के समय किस तरह की ऐसी कमियां हैं, जो रह जाएं तो रचना को प्रकाशन हेतु नहीं भेजना चाहिये। यदि यह शोध सफल होता है तो लेखकों के नए व्यवहार को भी देखा जा सकता है। यह व्यवहार अपेक्षित है कि लेखक/लेखिका अपनी कमजोर लघुकथाओं को इन लघुकथाओं और वक्तव्य के साथ तुलना कर उन्हें प्रकाशन/प्रसारण को न भेजें।

समय सीमा:
आपकी रचनाएं और वक्तव्य आपके संक्षिप्त परिचय (साहित्यिक परिचय, संपर्क विवरण (डाक का पता, चलभाष (मोबाइल) नंबर, ईमेल आईडी) व चित्र) के साथ 15 मार्च 2020 तक laghukathaduniya@gmail.com पर ईमेल करने का कष्ट करें। ईमेल में विषय "मेरी कमज़ोर लघुकथा" ही रखें। ईमेल निम्न प्रारूप में भेजिए:

नाम (हिंदी और अंग्रेजी में):
संक्षिप्त साहित्यिक परिचय:

संपर्क विवरण
डाक का पता:
चलभाष (मोबाइल) नंबर:
ईमेल आईडी:

रचना का वर्ष: 
रचना (शीर्षक सहित):
वक्तव्य (रचना की कमज़ोरियाँ):

कार्य का आउटपुट:
फिलवक्त एक ई-बुक बनाने का विचार है, जिसके ISBN हेतु अप्लाई कर दिया है।  

टैग लाइन 
इस शोधकार्य में वे सभी लेखक व लेखिकाएं सम्मिलित हैं जो अपने लेखन से समाज की कमज़ोरी इंगित करने के साथ-साथ लेखकीय समुदाय के हित में अपने लेखन की कमज़ोरी को इंगित करने का भी साहस रखते हैं।


इस योजना के अपडेट पाने एवं लघुकथा सम्बन्धी सामग्री पढ़ने हेतु लघुकथा-दुनिया ब्लॉग को फॉलो एवं सब्सक्राइब ज़रूर करें।

साभार,    

For लघुकथा दुनिया 


डॉ0 चन्द्रेश कुमार छतलानी
लघुकथा दुनिया
iBlogger द्वारा Best Indian Hindi Blog से सम्मानित
ब्लॉगर ऑफ द ईयर 2019 का सम्मान प्राप्त
URL: http://laghukathaduniya.blogspot.com   

सोमवार, 16 दिसंबर 2019

साक्षात्कार : संदीप तोमर | द्वारा : डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी


एक आदर्श अध्यापक और एक धर्म परायण माता के पुत्र पेशे से अध्यापक होने के साथ-साथ स्तरीय लेखक, समीक्षक, आलोचक और समालोचक श्री सन्दीप तोमर का जन्म 7 जून 1975 को उत्तर प्रदेश के जिला मुज़फ्फरनगर के गंगधाड़ी नामक गाँव में हुआ था। 

चार भाई बहनों में सबसे छोटे सन्दीप तोमर विज्ञान विषय में स्नातक कर दिल्ली विश्वविद्यालय पढ़ने आ गए। बी.एड, एम.एड के बाद एम.एस सी. (गणित), एम.ए. (समाजशास्त्र व भूगोल) एम.फिल. (शिक्षा-शास्त्र) की शिक्षा ग्रहण की। यूं तो सातवीं कक्षा से ही सन्दीप जी का झुकाव लेखन के प्रति था, दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्ययन करते-करते यह रूचि विस्तृत हो गयी। आपने कविता, कहानी, लघुकथा, आलोचना, नज़्म, ग़ज़ल के साथ साथ उपन्यास विधा में लेखन कर्म किया है। सन्दीप तोमर का पहला कविता संग्रह 'सच के आस पास' 2003 में प्रकाशित हुआ।उसके बाद एक कहानी सँग्रह 'टुकड़ा टुकड़ा परछाई' 2005 में आया, शिक्षा और समाज (लेखों का संकलन शोध-प्रबंध) का प्रकाशन वर्ष 2010 में हुआ। इसी बीच लघुकथा सँग्रह 'कामरेड संजय' 2011 में प्रकाशित हुआ। आपने 'महक अभी बाकी है' नाम से कविता संकलन का संपादन भी किया। 2017 में प्रकाशित 'थ्री गर्ल्सफ्रेंड्स' उपन्यास ने सन्दीप तोमर को चर्चित उपन्यासकार के रूप में स्थापित कर दिया। 2018 में आपकी आत्मकथा 'एक अपाहिज की डायरी' का विमोचन नेपाल की धरती पर हुआ। आप प्रारंभ, मुक्ति, प्रिय मित्र, अनवरत अविराम इत्यादि साझा संकलनों में बतौर कवि सम्मलित हो चुके हैं। सृजन व नई जंग त्रैमासिक पत्रिकाओं में बतौर सह-संपादक सहयोग करते रहे। फिलवक्त श्री तोमर की कई पुस्तकें प्रकाशन हेतु कतार में हैं, जिनमे 'समय पर दस्तक' और 'लिव इन रिलेशन' लघुकथा संग्रह, 'ये कैसा प्रायश्चित' तथा 'दीपशिखा' उपन्यास के साथ 'यंगर्स लव' कहानी संग्रह और 'परम ज्योति' कविता संग्रह प्रमुख हैं। 

हिन्दी अकादमी दिल्ली द्वारा निबन्ध व कविता लेखन के लिए 'सच के आस पास' काव्य कृति के लिये 'तुलसी स्मृति सम्मान' काव्य लेखन के लिए 'युवा राष्ट्रीय प्रतिभा' सम्मान, साहित्यिक सांस्कृतिक कला संगम अकादमी द्वारा 'साहित्य श्री' सम्मान, अजय प्रकाशन रामनगर वर्धा (महा.) द्वारा 'साहित्य सृजन' सम्मान, मानव मैत्री मंच द्वारा काव्य लेखन के लिए सम्मान सहित कई बड़ी संस्थाओं द्वारा समय- समय पर आपको सम्मानित किया गया है। आप 2011-12 में स्कूल स्तर पर तत्कालीन विधायक के हाथों बेस्ट टीचर अवार्ड तथा 2012 में प्राइवेट और सरकारी अध्यापक संघ के तत्वाधान में तत्कालीन संसदीय मन्त्री हरीश रावत के कर कमलों से दिल्ली के बेस्ट टीचर के रूप में भी सम्मानित हो चुके हैं। आपको 'औरत की आज़ादी: कितनी हुई पूरी, कितनी रही अधूरी?' विषय पर अगस्त 2016 में आयोजित परिचर्चा संगोष्ठी में विशेष रूप से सम्मानित किया गया। भारतीय समता समाज की ओर से आपको समता अवार्ड 2017 से सम्मानित किया गया। साहित्य-संस्कृति मंच अटेली, महेंद्र गढ़ (हरियाणा) द्वारा साहित्य-गौरव सम्मान (2018), छठवा सोशल मिडिया मैत्री सम्मलेन में नेपाल की भूमि पर वरिष्ठ प्रतिभा के अंतर्गत साहित्य के क्षेत्र में सतत वा सराहनीय योगदान के लिए 'साहित्य सृजन' (2018), इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय कला केंद्र एवम्‌ हिन्दुस्तानी भाषा अकादमी द्वारा शिक्षक प्रकोष्ठ में सहभागिता प्रमाण पत्र दिया गया। पाथेय साहित्य कला अकादमी, जबलपुर/दिल्ली द्वारा सितम्बर 2018 में कथा गौरव सम्मान से नवाज़ा गया। साथ ही दिसंबर 2018 में ही नव सृजन साहित्य एवं संस्कृति न्यास, दिल्ली नामक संस्था द्वारा हिन्दी रत्न सम्मान दिया गया।सितम्बर 2019 में पत्रकार देवेन्द्र यादव मेमोरियल ट्रस्ट, दौसा एवम अभिनव सेवा संस्थान, दौसा द्वारा साहित्य में विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। नवम्बर 2019 में अभिमंच द्वारा उपन्यास लेखन पर प्रेमचंद सम्मान-2019 से विभूषित किया गया है।

श्री तोमर ने इस साक्षात्कार में भी बेबाकी से ईमानदार उत्तर दिए हैं। आपके उत्तरों में लघुकथा विधा की उन्नति की कामनाएं सहज ही परिलक्षित हो रही हैं। इस प्रश्नोत्तरी में वरिष्ठ लघुकथाकारों को उद्धृत करने के साथ-साथ मध्यम स्थापित और नवोदित रचनाकारों यथा सुश्री शोभना श्याम, सुश्री सीमा सिंह, सुश्री मेघा राठी,श्री दिलीप कुमार, सुश्री पूजा अग्निहोत्री, सुश्री दिव्या शर्मा, श्री कुमार गौरव, श्री मृणाल आशुतोष, श्री हेमंत राणा, सुश्री अंतरा करवड़े, सुश्री अनघा जोगलेकर, सुश्री उपमा शर्मा आदि की प्रशंसा भी खुले मन से की है, जो कि उनके विस्तृत अध्ययन का परिचायक है। आइए पढ़ते हैं:


लघुकथा लेखक को प्रयोगधर्मी भी होना होगा और समाज को कुछ सन्देशप्रद लेखन देकर अपनी भूमिका का उचित निर्वाह भी करना होगा।

रुरी है कि नयी पीढ़ी खेमेबाजी से किनारा करे, और किसी एक वरिष्ठ पुरुष की बात को पकडकर न बैठे, साहित्य में कोई राम बाण या लक्ष्मण रेखा नहीं होती, अपनी राह खुद तलाशनी होती है...
(इसी साक्षात्कार से) - सन्दीप तोमर



चंद्रेश छतलानी :  सन्दीप जी,अपनी लघुकथा सृजन यात्रा के बारे में कुछ खुलकर बताइये।

सन्दीप तोमर: 1986 में सातवीं कक्षा का विद्यार्थी था, तब ‘पेड़-पौधो’ और ‘भूत-प्रेतों’ को माध्यम बनाकर कहानीनुमा कुछ छोटी रचनाएँ लिखी थी जो अमर उजाला में प्रकाशित जरुर हुई थी लेकिन उन पर किसी सहपाठी का नाम प्रकाशित होता था, हालाकि उनमें लघुता थी और कथा भी अवश्य थी फिर भी मैं उन रचनाओं को लघुकथा नहीं कह सकता, अब वो सब विस्मृति का हिस्सा हैं, जिसे लेखन माना जाए उस फ्रेम में 2001 में लिखना शुरू हुआ, इस मायने में पहली प्रकाशित रचना “समझदार थी, जिसमें एक विद्यालय निरीक्षक और अध्यापक का संवाद है, इसे “कथा संसार” पत्रिका के 2003 के स्कूल विशेषांक अंक में स्थान मिला, उससे बाद तो लगातार देश के अधिकांश पत्र-पत्रिकाओं में लगातार प्रकाशन होता रहा। 'कामरेड संजय' लघुकथा संग्रह भी आया था लेकिन प्रकाशक की कारगुजारियों के चलते उनकी कोई प्रति मेरे पास नहीं है।  वर्ष 2020 के आरम्भ में दो संग्रह क्रमशः 'समय पर दस्तक' और 'लिव इन रिलेशन' पाठकों के बीच होंगे।


चंद्रेश छतलानी:  क्या लघुकथा की कोई ऐसी विशेष शैली है, जो आपको बहुत प्रभावित करती हो?

सन्दीप तोमर: अधिकांश लोग विवरणात्मक शैली और आत्मकथायात्मक शैली को अधिक अपनाये हुए हैं, जिसे मैं लघुकथा के विस्तार में कुछ हद तक बाधक मानता हूँ, लघुकथा लेखक को अन्य शैलियों को भी अपनाना चाहिए। साहित्य की शैलियों में एक उपशैली है- ‘कामेडी’, जिसमें बहुत कम लघुकथाएं लिखी गयी हैं। लघुकथाओं में ‘डायरी शैली’ में भी लघुकथा लिखने का चलन अभी नहीं आया है। मुझे ये दोनों ही शैलियाँ अधिक प्रभावित और आकर्षित करती हैं।

लघुकथा में आत्मकथ्यात्मक शैली में रचनाकार कई बार कथा-सर्जन करता है, यह एक बहुत ही मुश्किल शैली है जिसमें रचनाकार जानकारी के अभाव में स्वयं को नायक के तौर पर प्रदर्शित करता है जबकि इस शैली में ऐसा नहीं करना होता, अधिकांश लेखक यहाँ चूक कर जाने के  कारण आत्म-विवेचना का शिकार हो जाते हैं। मोनोलॉग शैली (स्वयं से बात) में भी लघुकथा लिखते हुए रचनाकार वही गलती दोहरा देता है। कहा जा सकता है कि इसमें अक्सर लेखक पक्षपाती हो जाता है। यहीं से लेखन में लेखकीय प्रवेश होता है, लेखक को इससे बचना होगा,  कुछ रचनाकार तो इन दोनों में अंतर को भी नहीं समझते। आत्मकथ्यात्मक शैली या मोनोलोग को लेखक को बहुत अधिक आवश्यक होने पर ही अपनाया जाना चाहिए। लेखकीय प्रवेश न हो इसका भी प्रयास किया जाना चाहिए।


चंद्रेश छतलानी: क्या लघुकथा में नए मुहावरे गढ़े जा सकते हैं? किसी उदाहरण से समझाइये।

सन्दीप तोमर: चंद्रेश छतलानी जी, साहित्य नया कुछ गढ़ते रहने से ही समृद्ध होगा, यहाँ दो बातें हैं एक नया दूसरा मुहावरा, मेरी समझ से लघुकथा लेखन में दोनों की ही भरपूर सम्भावना है। अजय अमिताभ सुमन की एक लघुकथा है ”फटा हुआ ईमान” यह शीर्षक अपने आप में एक नया मुहावरा है, जिसे बहुत अधिक चिन्तन मनन के उत्पन्न किया गया हो ऐसा भी मुझे नहीं लगता, इसका जन्म रचना-प्रक्रिया के साथ ही हुआ लगता है।


चंद्रेश छतलानी: आजकल कई रचनाओं को इसलिए भी खारिज कर दिया जाता है क्योंकि वे तीन-चार (कम) पंक्तियों की होती हैं और उनसे कुछ अधिक पंक्तियों की रचनाओं की तरह स्पष्ट कथ्य का सम्प्रेषण नहीं कर पातीं। मेरा प्रश्न यह है कि रचना यदि कथ्य का संकेत तो दे रही है, लेकिन कथ्य स्पष्ट नहीं कहा गया, तब क्या उसे बदलना या खारिज कर देना चाहिए?


सन्दीप तोमर:चंद्रेश छतलानी जी पहली बात ये ही सही नहीं कि रचनाओं को इसलिए खारिज कर दिया जाएँ क्योंकि वे तीन-चार (कम) पंक्तियों की हैं, सवाल ये है कि ख़ारिज करने के मापदण्ड किसने बनाये? अभी कुछ समय पहले डॉ अशोक भाटिया जी का एक लेख काफी सुर्ख़ियों में रहा, मुद्दा था लघुकथा की शब्द सीमा को लेकर, उक्त के प्रतिउत्तर में अनिल शूर का ‘लघुवादी लघुकथा’ पर लेख आया और इस तरह पूरा लघुकथा जगत दो खेमो में बंट गया, एक खेमे में डॉ अशोक भाटिया के समर्थन में लोग थे तो दूसरे अनिल शूर के पक्षधर बने, हाँ कुछ मेरे और सुभाष नीरव जैसे लोग भी थे जिनका मानना था कि रचना अपनी शब्दसीमा खुद तय करती है, लघुकथा में शब्दों की कोई सीमा निर्धारित करना इसके साथ अत्यचार ही है। हमें ‘मंटो’ और ‘खलील जिब्रान’ की लघुकथाओ को नहीं भूलना चाहिए जो आकार में छोटी होकर भी मुकम्मल लघुकथाएं हैं। मैंने भी अतिलघु आकार की लघुकथाएं लिखी हैं। अब आते हैं आपके मूल प्रश्न पर- कथ्य का सम्प्रेषण पंक्तियों की संख्या पर नहीं रचना की बुनावट पर निर्भर करता है, आज कितनी ही लम्बे आकार की, यूँ कहो अधिक पंक्तियों की रचनाएँ भी कथ्य को उभार नहीं पाती कारण(?), इनकी बुनावट में कसावट नहीं होती, अत्यधिक शब्द खर्च करके भी वहाँ रचनाकार का हित सिद्ध नहीं होता। फिर किसी भी रचना में सुधार की गुन्जायिश हमेशा बनी रहती है, यदि कथ्य का संकेत मिल रहा है लेकिन कथ्य उभरकर नहीं आया तो रचनाकार उस पर पुनः काम करे, ख़ारिज करने का अधिकार भी अंततः रचनकार का ही है, आलोचक रचना पर अपनी राय प्रकट कर सकता है, आलोचक भी रचना के विश्लेषण का अंतिम अधिकारी नहीं, पाठक की राय सर्वोपरी है। फिर रचनाकार लिख किसके लिए रहा है ये भी महत्वपूर्ण है।


चंद्रेश छतलानी:  समकालीन लघुकथा में व्यंग्य किस हद तक ढाला जा सकता है?


सन्दीप तोमर: जब ये कहा जाता है कि लघुकथा का जन्म विसंगति से होता है तो यह भी महत्वपूर्ण है कि व्यंग्य का जन्म तो होता ही विसंगति से है। लघुकथा में शिल्प का महत्व अन्य विधाओ से कहीं अधिक है। समय-दर-समय शिल्पगत कसाव और विधागत संप्रेषणीयता से लघुकथा का महत्व उभरकर सामने आया है। संभवतः यही कारण था कि अपने-अपने समय के प्रबुद्ध रचनाकारों ने लघुकथा पर कलम चलाई और उन्होंने ‘व्यंग्य’ को शैली की तरह इस्तेमाल किया है, जिसे ‘व्यंग्यात्मक शैली’ कहा जाता है, मेरी समझ से लघुकथा में सीधे-सीधे व्यंग्य का प्रयोग विधागत न होकर इसे शैली के रूप में ही अपनाया जाए। अशोक भटिया, अशोक विश्नोई, भगवत दुबे, आभा पूर्वें, कमल चोपड़ा, कमलकांत सक्सेना, कालीचरण प्रेमी, किशोर श्रीवास्तव, चंद्रशेखर दुबे, जगदीशचन्द्र ठाकुर, हरनाम शर्मा. अनिल शूर जैसे कितने ही नाम हैं जिन्होंने व्यंग्यात्मक शैली को अपनाकर लघुकथाएं लिखी हैं। मैंने भी इस शैली को कई दफा अपनाया है। इन व्यंग्य लघुकथा लेखकों ने समाज में परिलक्षित विषमताओं, विद्रूपताओं तथा राजनीतिक व सामाजिक आडंबरों को निशाना बनाया है।

अशोक भाटिया की एक लघुकथा कम शब्दों यानि दो-तीन पंक्ति की लघुकथा है, 

अपनों की गुलामी-

सड़क के दोनों ओर खड़े गरीब लोगों के ठेले लाठियाँ मार-मारकर हटाए जा रहे थे। किसी को बंद किया जा रहा था। कारण ज्ञात हुआ, बात बस इतनी सी थी कि अगले दिन 15 अगस्त है—अर्थात् स्वतन्त्रता दिवस।

यह लघुकथा अपने आपमें एक स्वतंत्र व्यंग्य भी है और इसमें शिल्पगत अनुप्रयोग भी आप देख सकते हैं। यह विधा के मानको पर भी खरी उतरती है।

चंद्रेश छतलानी:  इन दिनों आप किस तरह की ऐसी लघुकथाएं पढ़/देख पा रहे हैं, जिन पर अंकुश लगना चाहिए?


सन्दीप तोमर: इस सवाल के जवाब से पहले मैं अधिकांश महिला रचनाकारो की मन:स्थिति पर आपका ध्यान ले जाना चाहूँगा, जब महिला साथियों ने लिखना शुरू किया या करती हैं उस समय उनके सामने नारी की सामाजिक स्थिति का फलक होता हैं जाहिर हैं कथानक भी उसी पृष्ठभूमि से आते हैं, शुरुआती लेखन तक ये सब ठीक है लेकिन कुछ अपवाद छोड़ दूँ तो अधिकांश उस पृष्ठभूमि से इतर अपनी दृष्टि को ले जाने में जाने कौन सा जोखिम  मानती हैं। शोभना श्याम, सीमा सिंह, मेघा राठी जैसी रचनाकार इस मिथ को तोडती हैं तो लघुकथा विधा की समृद्धि में उनका योगदान दर्ज होता है, जो व्यापक दृष्टि के साथ सृजन करेगा वो आगे तक जायेगा।


एक बात और है, लघुकथा विधा में जो मुझे इसके विकास में बाधक लगती है वह है विषय या चित्र देकर लिखवाना। रचना सार्थकता तभी पा सकती है जब वह अनुभव और अवलोकन का हिस्सा बने, इस तरह का लेखन तो सरासर कृत्रिमता है, जब तक लेखक स्वयं रचना से नहीं जुड़ेगा, उसका सामान्यीकरण नहीं करेगा तो पाठक रचना से अपना जुडाव कैसे महसूस करेगा, इसका तात्पर्य ये नहीं कि अपवाद से रचना का जन्म नहीं हो सकता, अपवाद से भी मुकम्मल रचनाओ का जन्म हुआ है / होता भी है लेकिन प्रतिशतता कम है। मेरे विचार से ये कृत्रिम लेखन बंद होना चाहिए। 


चंद्रेश छतलानी: समकालीन लघुकथाओं में जिस तरह के विषय उठाये जा रहे हैं, क्या उससे आप संतुष्ट हैं?


सन्दीप तोमर: दो टूक शब्दों में कहूँ तो एकदम संतुष्ट नहीं हूँ, विषयों में मुझे विविधता दिखाई नहीं देती और अलग विषय कुछ अलग होते भी हैं तो या तो रचनाकार का ट्रीटमेंट लचर होता है या अत्यधिक लिखने की चाह में दोहराव का शिकार हो जाते हैं। अभी कुछ लोगो ने पौराणिक पात्रों पर भी कुछ लघुकथाएं लिखी हैं लेकिन वहाँ भी पूर्ववर्ती लेखको को ही कॉपी किया गया है। बस थोड़ी अलग रचना दिखाने की चाह में फेरबदल अवश्य किया जाता है। जबकि होना ये चाहिए था कि नए पात्रों की रचना की जाती, या इतिहास के कुछ अनछुए पहलुओं को केंद्र में रखकर नया काम किया जाता। असल में लघुकथा लेखक शिल्पगत प्रयोग तो कर रहा है लेकिन ऐतिहासिक पात्रों की रचना करने या नूतन पौराणिक पात्रों की रचना करने में खुद को असमर्थ पाता है।


मेरी दृष्टि में अंचल विशेष यानि ‘आंचलिक पात्रों’ को आधार बनाकर भी बहुत कम लघुकथाओं की रचना हुई है, और ‘दिव्यांग व्यक्तियों’ की समस्याओं पर भी बहुत कम लिखा गया है। मुझे लगता है इन विषयों पर अधिक लिखे जाने की जरुरत है। ‘थर्ड जेंडर’ पर कुछ काम हुआ तो मन को अच्छा लगा, ऐसी ही और भी समस्याएँ हैं जिन पर लिखा जाना चहिये।


चंद्रेश छतलानी जी मुझे एक बात और महसूस होती हैं, अधिकांश रचनाकार पारिवारिक रिश्तो, परवरिश, ओल्ड ऐज होम की जरुरत इत्यादि समस्याओं पर भी लिख रहे हैं लेकिन इन विषयों पर बहुत नकारात्मक लिखा जा रहा है, आप लेखक से बात करें तो जवाब मिलता है कि यही यथार्थ है, मैं ऐसे लेखकों से पूछना चाहता हूँ क्या समस्याओं का रहस्योद्घाटन करना ही रचनाकार का एक मात्र उद्देश्य है? फिर रचनाकार उसमें कहाँ हैं, उसके दायित्व क्या हैं? होना ये चाहिये कि रचनाकार इन विषयों पर अपनी कलम से समाधान भी सुझाये या फिर ऐसा कुछ रचे जो नयी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्पद हो। हाल ही में परिवार में बच्चो के दुर्व्यवहार के कारण माता-पिता को ओल्ड ऐज होम चले जाने या कमरा किराये पर लेने जैसी नसीहत की रचनाएँ पढ़कर मन खिन्न हुआ, मैंने सुभाष नीरव जी से वायदा किया कि इसके उलट लिखकर कोई संदेशपरक रचना दूँगा, तब “संस्कार” लघुकथा लिखी जिसे सतीश राठी जी ने ‘क्षितिज’ पत्रिका में स्थान दिया, तो लघुकथा लेखक को प्रयोगधर्मी भी होना होगा और समाज को कुछ सन्देशप्रद लेखन देकर अपनी भूमिका का उचित निर्वाह भी करना होगा।  




चंद्रेश छतलानी: आपके अनुसार लघुकथाओं का अपने पाठकों तक सम्प्रेषण हेतु निम्न तीनों में से बेहतरीन माध्यम क्या और क्यों है? प्रिंट, डिजिटल टेक्स्ट (सोशल मीडिया, ब्लॉग, वेबसाइट आदि पर) अथवा ऑडियो-वीडियो।


सन्दीप तोमर: साहित्य की चाहे कोई भी विधा हो, रचना अगर दमदार है तो वह अपना पाठक वर्ग खुद तलाश कर लेती है। निसंदेह प्रिंट मिडिया एक एतिहासिक दस्तावेज होता है, उसका अपना एक विस्तृत पाठक वर्ग है, अगर ऐसा नहीं होता तो लघुपत्रिकाओ की इतनी बाढ़ न आती। वर्तमान में डिजिटल टेक्स्ट ने भी अपना एक व्यापक पाठक वर्ग तैयार किया है लेकिन सोशल मिडिया की एक समस्या है - अधिकांश पाठक वही है जो या तो लेखक हैं या फिर लेखक बनने की होड़ में शामिल हैं। अगर इन दोनों माध्यमो की तुलना करूँ तो मैं प्रिंट मिडिया को अधिक महत्व दूँगा उसका कारण है इसका सर्वकालिक होना, जो एक बार प्रकाशित हुआ वह सर्वकालिक हुआ, जबकि डिजिटल के साथ समस्या है, इसकी अवधि बहुत लम्बी नहीं है, एक दिन या तो लेखक ही उससे उकता जाता है या फिर पाठक किनारा कर सकता है। इन दोनों से इतर जो तीसरे माध्यम की बात आपने की है, ऑडियो- वीडियों इसका प्रभाव छोटे फॉर्मेट की विधा में ज्यादा कारगर है। लघुकथा को यूट्यूब पर लाने में ‘ललित मिश्र’ ने शुरुआती काम किया, तदुपरांत मैंने “अफसाने साहित्य के” चैनल शुरू किया, उसके बाद सुना है रवि यादव ने भी इस क्षेत्र में कुछ काम किया है, अन्य चैनल भी होंगे लेकिन ये बाद के प्रयास हैं।

अगर दोटूक शब्दों में कहूँ तो तीनो का महत्व समय के हिसाब से हैं। अभी तो सही हो या गलत डिजिटल सबके सिर चढ़कर बोल रहा है।


चंद्रेश छतलानी : आपके अनुसार यदि पूर्व पीढ़ी से तुलना करें तो समकालीन लघुकथा के लिए लेखकों, समीक्षकों, प्रकाशकों और पाठकों की कौनसी प्रवृत्ति हितकारी है और कौनसी अहितकारी?


संदीप तोमर: चंद्रेश छतलानी जी मैं हमेशा से दो बातों का विरोध करता रहा हूँ , एक- खेमेबाजी, दूसरा सहयोग राशि से छपने वाले संकलन, ये दोनों ही लघुकथा जैसी सशक्त और आधुनिक विधा के विकास में बाधक होती हैं। इनसे गुणात्मकता में तो बेतहासा वृद्धि हुई है लेकिन इससे गुणात्मकता अधिक प्रभावित है, हमें गुणात्मकता पर अधिक ध्यान देना चाहिए। अच्छा ये है कि इसी भीड़ से कुछ क्रीम भी निकल कर आ रही है, दिलीप कुमार, पूजा अग्निहोत्री, दिव्या शर्मा, कुमार गौरव, मृणाल आशुतोष, हेमंत राणा, अंतरा करवड़े, अनघा जोगलेकर, उपमा शर्मा, इसी भीड़ से निकलकर आये हैं, और समुचित योगदान दे रहे हैं। बस अपनी लय को बनाये रखने की जरुरत है।


चंद्रेश छतलानी:  उचित अध्ययन तो हर लघुकथाकार को करना ही चाहिए, अच्छी पुस्तकें भी पढ़नी चाहिए। इस बात के अतिरिक्त नए लघुकथाकारों के लिए कोई सन्देश देना चाहेंगे?


सन्दीप तोमर: देखिये, एक समय तक पढना विधा के अंगोपांग को समझने के लिए जरुरी है, उसके बाद पढना भी बहुत मायने रखता हो ऐसा मुझे नहीं लगता, हाँ, अगर आप एक अच्छे पाठक हैं तो ये अच्छी बात है, कई बार देखने में आता है कि अधिक पढने से खुद का लेखन भी प्रभावित होने लगता है, कुछ नवरचनाकार किसी लेखक से इतने प्रभावित होते हैं कि उनकी शैली को ही अपनाने लगते हैं।


जरुरी है कि नयी पीढ़ी खेमेबाजी से किनारा करे, और किसी एक वरिष्ठ पुरुष की बात को पकडकर न बैठे, साहित्य में कोई राम बाण या लक्ष्मण रेखा नहीं होती, अपनी राह खुद तलाशनी होती है, अपनी बात कुछ यूँ कहकर समाप्त करूँगा –

हे अहिल्या-
खुद की राह बना
यहाँ उद्धार करने
राम न आएंगे।

शुक्रवार, 25 अक्तूबर 2019

श्रेष्ठ लघुकथाओं में से एक - 1

सम्माननीय मित्रों,
सादर नमस्कार। 

आज से लघुकथा दुनिया पर एक नई श्रृंखला का प्रारम्भ कर रहे हैं। "श्रेष्ठ लघुकथाओं में से एक" नामक इस श्रृंखला में बेहतर लघुकथाओं में से किसी एक को चुन कर, वह बेहतर क्यों है, इस पर वार्ता करेंगे। हालाँकि मुख्य पोस्ट पर मैं मेरे विचार दूंगा, सभी वरिष्ठजन और मित्र कमेंट में अपने विचार को प्रकट करने हेतु पूर्ण स्वतंत्र हैं।  

इस क्रम को प्रारम्भ करते हुए सर्वप्रथम वरिष्ठ लघुकथाकार और लघुकथा के सशक्त हस्ताक्षर श्री योगराज प्रभाकर की लघुकथा अपनी–अपनी भूख पर चर्चा करते हैं। पहले इस रचना को पढ़ते हैं, 

अपनी–अपनी भूख / योगराज प्रभाकर

पिछले कई दिनों से घर में एक अजीब सी हलचल थी। कभी नन्हे दीपू को डॉक्टर के पास ले जाया जाता तो कभी डॉक्टर उसे देखने घर आ जाता। दीपू स्कूल भी नहीं जा रहा था। घर के सभी सदस्यों के चेहरों से ख़ुशी अचानक गायब हो गई थी। घर की नौकरानी इस सब को चुपचाप देखती रहती। कई बार उसने पूछना भी चाहा  किन्तु दबंग स्वाभाव मालकिन से बात करने की हिम्मत ही नहीं हुई। आज जब फिर दीपू को डॉक्टर के पास ले वापिस घर लाया गया तो मालकिन की आँखों में आँसू थे। रसोई घर के सामने से गुज़र रही मालकिन से नौकरानी ने हिम्मत जुटा कर पूछ ही लिया:
"बीबी जी! क्या हुआ है छोटे बाबू को ?"
"देखती नहीं कितने दिनों से तबीयत ठीक नहीं है उसकी?" मालकिन ने बेहद रूखे स्वर में कहा।
"मगर हुआ क्या है उसको जो ठीक होने का नाम ही नहीं ले रहा?" 
"बहुत भयंकर रोग है!" एक गहरी सांस लेते हुए मालिकन ने कहा ।
"हाय राम! कैसा भयंकर रोग बीबी जी?" नौकरानी पूछे बिना रह न सकी । 
मालकिन ने अपने कमरे की तरफ मुड़ते हुए एक गहरी साँस लेते हुए उत्तर दिया:
"उसको भूख नहीं लगती री।"
मालकिन के जाते ही अपनी फटी हुई धोती से हाथ पोंछती हुई नौकरानी बुदबुदाई:               
"मेरे बच्चों के सिर पर भी अपने बेटे का हाथ फिरवा दो बीबी जी।"

-0-

इस लघुकथा पर मैं अपने अनुसार कुछ बातें कहना चाहूंगा।  कोई भी सुधिजन अपनी राय कमेंट में दे सकते हैं।

लघुकथा का उद्देश्य: ऐसे परिवारों की स्थिति को दर्शाना, जो अपने बच्चों के पेट भरने में भी असमर्थ है और पाठकों को इस तरह के परिवारों के न्यूनतम सरंक्षण (भूखे न रहें) हेतु प्रेरित करना। 

विसंगति: सामाजिक और आर्थिक असमानता एक ऐसा दंश  है, जिसे हटा दिया जाए तो हमारे देश का काफी बेहतर विकास हो सकता है। इस लघुकथा का अंतिम वाक्य इस विसंगति को उभार देने में सक्षम है, जब  माँ रुपी नौकरानी अपनी फटी हुई धोती से हाथ पोंछती हुई बुदबुदाती है, "मेरे बच्चों के सिर पर भी अपने बेटे का हाथ फिरवा दो बीबी जी।"

लाघवतालघुकथा में शब्द ना तो कम हों ना ही अधिक। मैंने इस लघुकथा में अतिरिक्त शब्द नहीं जोड़े क्योंकि यह वैसे ही सुस्पष्ट है लेकिन कुछ शब्दों को हटा कर पढ़ा,  हालाँकि ऐसे (शब्दों को हटा कर) पठन पर हर बार मुझे अधूरी ही प्रतीत हुई। दो उदाहरण देना चाहूंगा:

1. इस लघुकथा में //घर के सभी सदस्यों के चेहरों से ख़ुशी अचानक गायब हो गई थी//  पंक्ति हटा कर मैंने फिर पढ़ा तो जो लघुकथा की पहली पंक्ति है - //पिछले कई दिनों से घर में एक अजीब सी हलचल थीI//वह  ही सार्थक नहीं हो पा रही थी। मेरे अनुसार दोनों पंक्तियाँ मिलकर पूर्ण होती हैं। 

2. इस रचना में मालकिन दबंग स्वभाव की हो ना हो क्या फर्क पड़ता है? फिर यह विचार आया कि यदि मालकिन तेज़ न होती तो अंतिम पंक्ति में मालकिन के जाने के बाद नौकरानी का बुदबुदाना इतना प्रभावी नहीं हो पाता। 

कथानक: लघुकथा दो परिवारों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति दर्शाते हुए दोनों परिवारों की माओं के हृदय में बेटे की भूख की चिंता को दर्शा रही है। जहाँ मालकिन को भूख ना लगने की चिंता है, वहीँ नौकरानी को भूख लगने की। लघुकथा का यह कथानक ना सिर्फ आज के समाज का यथार्थ है वरन हमारा दायित्व क्या हो, यह भी सोचने के लिए मजबूर करता है। 

शिल्प: इस लघुकथा के शिल्प की सच कहूँ तो जितनी तारीफ़ की जाए कम है। यह लघुकथा यों तो मुझे पूरी पसंद आई, लेकिन जो सबसे ज़्यादा अच्छा लगा वो इस रचना का शिल्प ही है। सामान्य से वार्तालाप में विशिष्ट को ढूंढ निकाल कर उभारने का बेहतरीन उदाहरण है पाठक इससे खुदको जुड़ा हुआ पाता है और रचना को प्रवाह के साथ पढ़ते हुए जब अंत तक आता है तो बरबस ही द्रवित हो उठता है। यदि पाठक चिंतन प्रवृत्ति का है तो उसके चिंतन के लिए यह रचना एक हल्का सा झटका उत्पन्न करने में सक्षम है और यदि पाठक सामान्यतः अधिक चिंतन प्रवृत्ति का नहीं है तो भी आह और वाह दोनों ही उसके मुंह से निकल ही जाएगा। 

लघुकथा सृजन के समय लघुकथा के प्रारम्भ और अंत पर बहुत ध्यान देना होता है। रचनाकार का कौशल यों तो शीर्षक पढ़ते ही समझ में आ जाता है लेकिन लघुकथा प्रारम्भ करना और उसे अंत तक लाकर पाठकों को प्रभावित कर देना अच्छे शिल्प की निशानी है। रचना का प्रारंभ इस पंक्ति से हो रहा है कि //पिछले कई दिनों से घर में एक अजीब सी हलचल थी।// जो पढ़ते ही उत्सुकता जगाता है कि आखिर बात क्या है? अंत पर हम चर्चा कर ही चुके हैं। हरिशंकर परसाई ने मुकेश शर्मा द्वारा लिए गए उनके एक साक्षात्कार में कहा था कि, "लघुकथा में कम–से–कम शब्द होने चाहिए। विशेषण–क्रिया–विशेषण नहीं हों और चरम बिन्दु तीखा होना चाहिए।" यह रचना इस सन्दर्भ में कसौटी पर खरी उतरती है। 

लघुकथा का मध्य भाग ऐसा हो जो पाठक को अंत तक ले जाने में सक्षम हो, रचना की कसावट सर्वाधिक इसी भाग में देखी जाती है। कम या अधिक शब्द रचना के पठन को बाधित कर सकते हैं। इस लघुकथा में शब्दों की उत्तम लाघवता पर मैं अपने विचार रख ही चुका हूँ। 


शैली: मिश्रित शैली की इस रचना में विवरण और संवाद दोनों को चुस्त रखा गया है।


भाषा एवं संप्रेषण: इस रचना की भाषा आज के समाज की आम भाषा है जिससे लघुकथा आसानी से समझ में आती है। सम्प्रेषण भी कथानक को चुस्त-दुरुस्त रख रहा है। शब्दावली सटीक है, संवादों के शब्द पात्रों के अनुसार अनुकूल हैं और कम से कम शब्दों का प्रयोग कर स्पष्ट बात कही गयी है। प्रयुक्त  भाषा ने रचना की स्वाभाविकता को बनाये रखा है। यही स्वाभाविकता ही इस रचना की भाषायी गुण भी है। 

लघुकथा का आकार: लघुकथा का आकार इसमें निहित वस्तु का सही-सही प्रतिनिधित्व कर पा रहा है। इससे अधिक होने पर कहीं लघुकथा की कसावट में कमी होने की गुंजाइश भी थी और कम पर मैं अपने विचार पूर्व में रख चुका हूँ। 

शीर्षक: अपनी-अपनी भूख शीर्षक इस रचना के कथानक के मर्म 'सामाजिक एवं आर्थिक असमानता' को दर्शाने में पूरी तरह सफल है। साथ ही यह न सिर्फ कलात्मक है बल्कि पाठक के मस्तिष्क में उत्सुकता जगाने में भी समर्थ है। 

पात्र और चरित्र-चित्रण: इस लघुकथा में पात्रों को इस खूबसूरती से ढाला गया है कि प्रारम्भ में पता ही नहीं चल पाता है कि वास्तविक पात्र तो दो ही हैं। आइये प्रारम्भ से पात्रों की गिनती करते हैं: नन्हा दीपू, डॉक्टर, घर के सभी सदस्य, नौकरानी, मालकिन और नौकरानी के बच्चे। लेखक इनमें से किसी भी अथवा सभी पात्रों को उभार सकते थे लेकिन उन्होंने केवल दो ही पात्रों के संवादों पर रचना का आधार रख दिया और अपनी बात कह डाली।

लघुकथा में दीपू के अतिरिक्त और किसी भी पात्र का नामकरण नहीं हुआ है, इससे यह रचना वैश्विक स्तर पर अनुवाद भी की जा सकती है और वैश्विक स्तर के पाठकों से जुड़ सकती है। पाठकों के समाज से जुड़ने के लिए अनुवाद करते समय दीपू के स्थान छोटा बेटा या जिस भाषा में अनुवाद किया जा रहा है, उस भाषा के वर्ग अनुसार कोई अन्य नाम भी रखा जा सकता है।

डॉ. अशोक भाटिया ने अपने लेख "लघुकथा: लघुता में प्रभुता" में कहा है कि //आप जो भी लिखें, उसका प्रमुख पात्र यदि किसी वर्ग कहा हो तो आपकी रचना का वजन बढ जाएगा। प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानी ‘पूस की रात’ का नायक हल्कू एक गरीब किसान है। इसलिए उसकी कथा सारे गरीब किसानों की व्यथा-कथा है। यानी लिखते समय रचना को किसी वर्ग की रचना बना सकें तो उसकी ताकत और असर बहुत बढ जाएंगे।// - यहाँ इस रचना में आप यह बात देख सकते हैं। 

कालखंड: यह लघुकथा अपने पहले अनुच्छेद में //पिछले कई दिनों ... हिम्मत ही नहीं हुई।// तक कथानक को स्पष्ट करते हुए उसके बाद एक ही कालखंड में सृजित की गयी है। रचना एक से अधिक कालखंडों में बँटी हुई नहीं है।

संदेश / सामाजिक महत्व: यह लघुकथा समाज के उस वर्ग की स्थिति को दर्शा रही है, जिसे सरंक्षण की ज़रूरत है। भूख आरक्षण नहीं देखती ना ही सामान्य जनता होने के नाते हम उस हर एक व्यक्ति को आरक्षण दिला सकते हैं,  जिसे हम चाहते हैं, लेकिन हम एक हद तक सरंक्षण तो कर ही  सकते हैं। कम से कम हम से सम्बंधित कोई भूखा ना सोए, इस हेतु प्रयास किये जा सकते हैं और करने भी चाहिएं। मालकिन चाहती तो नौकरानी के बच्चे भूखे न रहते। यहां बात उनके सिर पर हाथ घुमा कर भूख ख़त्म करने वाली नहीं है बल्कि उचित सरंक्षण से जुडी हुई है अन्यथा नौकरानी बुदबुदाती नहीं, शायद मुंह पर कह डालती कि मेरे बच्चे भी कहीं-न-कहीं भूखे रहते हैं। यह सन्देश मुझे इस रचना में निहित लगा। इस आवश्यक सन्देश को देना ही इस रचना का महत्व भी है। 

अनकहा : इस लघुकथा का अंत एक ही पंक्ति में बिना अधिक शब्द कहे बहुत कुछ समझा रहा है। लघुकथा का उद्देश्य, सन्देश एवं सार्थकता भी इस पंक्ति में निहित हैं। 

- डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी 

पठन योग्य:

हरिशंकर परसाई से मुकेश शर्मा की बातचीत



मेरी इस समझ पर कोई कमी किसी को भी प्रतीत हो तो अपनी राय देने हेतु पूरी तरह स्वतंत्र हैं। कृपया अपनी राय कमेंट में प्रेषित करें।